दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग,25 अगस्त। आम आदमी के सदस्यों ने दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष डॉ. एसके अग्रवाल तथा आरटीआई विंग प्रदेश अध्यक्ष मेहरबान सिंह के नेतृत्व में रेलवे डीआरएम को स्टेशन मास्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष डॉ. एसके अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने डीआरएम को भेजी गई शिकायत में दुर्ग रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर एक पर लगा एस्केलेटर तथा प्लेटफार्म नंबर दो पर लगे लिफ्ट को जल्द ठीक करने को कहा। दुर्ग रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर एक पर जो एस्केलेटर लगा है वह बार-बार खराब होता है। इसके अलावा प्लेटफार्म नंबर दो पर जो लिफ्ट लगी है। वह भी बार-बार खराब होती है। इसकी शिकायत डीआरएम को की गई है कि जल्द इसका सुधार कर यात्रियों को होने वाली परेशानियों का निराकरण करें।
आरटीआई प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष मेहरबान सिंह ने कहा कि एस्केलेटर बार-बार खराब होता आ रहा है और रिपेयर करने में कई दिन लगते हैं जिससे एक सवाल बनता है क्या कंपनी को एनुअल सर्विस कांट्रैक्ट नहीं दिया गया है और अगर दिया गया है तो कंपनी के पास समस्या का तुरंत समाधान क्यों नहीं है ? पिछले 14 दिन से एस्केलेटर वापस खराब है। एस्केलेटर के बार-बार खराब होने का कारण क्या है? रेलवे अधिकारियों से बातचीत करने से यह बात निकाल कर आई की एस्केलेटर चाइना कंपनी द्वारा लगवाया गया है ।
और पार्ट्स चीन से आएंगे उसके बाद ही इसके लेटर वापस चालू होगा। मेहरबान सिंह ने कहा कि एस्केलेटर का ठेका किसी आरोग्य कंपनी को दे दिया गया है जिसकी सजा दुर्ग शहर में आने वाले यात्रियों को दुर्ग शहर से जाने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रही है।
दुर्ग रेलवे कोच केयर सेंटर में डायनेमिक इंटरप्राइजेज रतलाम की कंपनी तथा रेलवे अधिकारियों ने मिलकर ठेका श्रमिकों के साथ लगभग 60 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। जिससे यह स्पष्ट होता है कि एस्केलेटर का ठेका भी अधिकारियों द्वारा मिली भगत करके अयोग्य कंपनी को दिया गया है। इस दौरान रवि साहू, मुकेश नायक, सोनू यादव, जीतू निषाद आदि उपस्थित थे।