दुर्ग

अंजोरा मोड़ तक की सडक़ यातायात के लायक नहीं
21-Aug-2024 3:37 PM
अंजोरा मोड़ तक की सडक़ यातायात के लायक नहीं

मरम्मत के लिए 1 करोड़ 14 लाख का प्राक्कलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 21 अगस्त। रसमड़ा अण्डरब्रिज से अंजोरा मोड़ तक की सडक़ यातायात के लायक नहीं है। निरीक्षण कर्ता अधिकारियों ने खुद यह स्वीकार की है। इसके बावजूद अब तक इसके मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार मामले में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा मरम्मत के लिए 1 करोड़ 14 लाख का प्राक्कलन तैयार किया गया जिसकी स्वीकृति नहीं हुई है। इससे उक्त जर्जर सडक़ की तत्काल मरम्मत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं, इससे क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है।

क्षेत्र के रहवासी ग्रामीण बलराम कौशिक का कहना है कि उनद्वारा 12 अगस्त को कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त हुआ है। प्राप्त आवेदन जनदर्शन ज्ञापन सौंपकर रसमड़ा अण्डरब्रिज से अंजोरा मोड़ तक जर्जर सडक़ में हुए गड्ढों को तत्काल भरकर मरम्मत करने की मांग की गई थी। वहीं उनद्वारा ज्ञापन सौंपे जाने पर लोक निर्माण विभाग द्वारा शिवनाथ नदी से रसमड़ा अण्डरब्रिज तक क्षतिग्रस्त मार्ग सी.एस.आई.डी.सी. के अंतर्गत बताया गया है।

दूसरी ओर उनकी मांग पर मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग दुर्ग परिक्षेत्र दुर्ग, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग दुर्ग मण्डल दुर्ग एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारी, उपअभियंता के साथ निरीक्षण किया जाना भी बताया जा रहा है। कौशिक का कहना है कि इस निरीक्षण में अधिकारियों द्वारा पाया गया कि अतिवृष्टि के कारण मार्ग का कुछ भाग अत्यंत जर्जर हो गया है जो कि यातायात के लायक नहीं रह गया है। साथ इसके लिए 114.84 लाख का प्राक्कलन तैयार कर लोक निर्माण विभाग द्वारा बाढ़ आपदा प्रबंधन में स्वीकृति हेतु कलेक्टर को प्रेषित करना एवं राशि उपलब्ध होने के पश्चात् उक्त स्थान का सडक़ मरम्मत करने की बात कही गई है।

कौशिक का कहना है कि उन्हें मिले पत्र के अनुसार स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में तत्काल उक्त सडक़ की संभावना नहीं दिख रही है जबकि रोज इसी खस्ताहाल सडक़ मार्ग से हजारों की संख्या में आस-पास 40 गांवों के लोगों का काम करने आना-जाना होता है। वहीं रसमड़ा गांव कम्पनी एरिया हैं। इस कारण मजदूर वर्ग को भी रोज यहीं इस सडक़ रास्ता से गुजर कर जाना-आना करना पड़ता हैं। जिन्हें यहां से गुजरने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना कि तत्काल सडक़ की मरम्मत नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे।


अन्य पोस्ट