दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 अगस्त। गर्मी की वजह से खेतों में पर्याप्त पानी नहीं होने से बियासी के काम प्रभावित हो रहे हैं। अब तक लगभग 15 हजार हेक्टेयर के ही बोता धान का किसान बियासी कर पाए हैं। जबकि जिले में जारी खरीफ सीजन में 88 हजार 990 हेक्टेयर में बोता का लक्ष्य मिला है। इसके विरुद्ध किसानों ने 89 हजार 826 हेक्टेयर क्षेत्र में धान का बोता रखे हैं।
किसानों का कहना है कि कुछ दिनों पहले लगातार हुई अच्छी बारिश के बाद रोपाई एवं बियासी के कार्यों में गति आई थी। रोपाई का कार्य तो लगभग पूरा हो गया है क्योंकि रोपाई वाले ज्यादातर रकबा सिंचित भी है मगर बोता वाले अधिकांश रकबा असिंचित एवं भाठा जमीन है जहां ज्यादा समय तक पानी ठहर नहीं पाता। किसान दानेश्वर प्रसाद का कहना है कि अब खेतों में बियासी के लायक पानी नहीं रह गया है इसलिए किसान बियासी का कार्य नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना कि जल्द पर्याप्त बारिश नहीं हुई तो रोपाई का कार्य अटक सकता है। वहीं खेतों पर्याप्त पानी के अभाव में किसान खाद का भी छिडक़ाव नहीं कर पा रहे हैं। तेज गर्मी मे खेतों की जमीन सूख रही है। जानकारी के अनुसार जारी खरीफ में जिले में किसानों ने 1 लाख 35 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में धान फसल का क्षेत्राच्छादन लिए हैं। इनमें लगभग 34 हजार हेक्टेयर में धान की रोपा है। इसी प्रकार लगभग 12 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में कतार बोनी है। वहीं शेष में धान की बोता है। इसमें मात्र 16 प्रतिशत ही बियासी का कार्य हो पाया है। किसानों का कहना कि विलंब से बियासी या बियासी नहीं कर पाने की स्थिति धान के पौधों की अपेक्षित बाढ़ नहीं होने से उत्पादन भी इससे प्रभावित होगा।