दुर्ग
शराब पार्टी करने बैठे थे देर रात घर पर
दुर्ग, 20 अगस्त। मोहन नगर थाना अंतर्गत रविवार रात शराब पीने बैठे पिता-पुत्र में विवाद के बाद पुत्र ने सिर पर पत्थर मारकर पिता की हत्या कर दी। आरोपी मृतक की पहली पत्नी का पुत्र था और पिता की दूसरी शादी से नाराज रहता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
मोहन नगर थाना प्रभारी मोनिका पाण्डेय ने बताया कि रविवार रात प्रकाश पुरोहित अपने पिता कातुलबोर्ड निवासी गीतेलाल पुरोहित के घर आया। दोनों ने एक साथ शराब पी। इसके बाद प्रकाश ने अपने पिता से और शराब मंगाने के लिए कहा। पिता गीतेलाल ने पैसा नहीं होने की बात कही। इस बात पर पिता पुत्र में जमकर विवाद हो गया। विवाद दूसरी शादी तक पहुंच गया।
विवाद बढ़ता देख गीतेलाल की दूसरी पत्नी पड़ोस में रहने वाली अपनी बेटी के घर चली गई। इधर, गुस्साए प्रकाश ने अपने पिता के सिर पर पत्थर पटक दिया। थोड़ी देर बाद गीतेलाल की मौत हो गई। गीतेलाल की लाश घर के पीछ कूड़े में फेंककर प्रकाश अपने घर चला गया। जब सन्नाटा पसरा, तब दूसरी पत्नी घर पहुंची। गीतेलाल को मृत हालत में देखकर उसने मोहल्लेवालों को खबर दी।
मोहन नगर टीआई ने बताया कि गीतेलाल ने दो शादी की है। पहली पत्नी से एक लडक़ी तथा एक लडक़ा प्रकाश है। दूसरी पत्नी से दो लड़कियां तथा एक लडक़ा है। सभी की शादी हो चुकी है। मृतक गीतेलाल अपनी दूसरी पत्नी के साथ रहता था। इस बात को लेकर पहली पत्नी का बेटा प्रकाश गीतेलाल से नाराज रहता था। दोनों के बीच अक्सर विवाद भी होता था। हालांकि बाद में दोनों परिवारों में बातचीत भी शुरू हो गई थी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।