दुर्ग

त्रिस्तरीय पंचायत व नगरीय निकाय आम चुनाव के लिए ओबीसी सर्वेक्षण
19-Aug-2024 4:20 PM
त्रिस्तरीय पंचायत व नगरीय निकाय आम चुनाव के लिए ओबीसी सर्वेक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 अगस्त।
त्रिस्तरीय पंचायत व नगरीय निकाय आम चुनाव के लिए आरक्षण के संबंध में ओबीसी सर्वेक्षण का सर्वेक्षण किया जाएगा छ्ग पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग ने इसके लिए निर्देश दिए हैं। मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान पिछड़े वर्ग की संख्या के आंकलन की तैयारी चल रही है।

जानकारी के अनुसार राज्य शासन छग पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग का गठन किया गया है। जिनके द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायतों एवं नगरीय निकायों में आरक्षण के संबंध में अन्य पिछड़ा वर्ग के पिछड़ेपन का गहन सर्वेक्षण एवं अध्ययन कार्य कर स्थानीय निकायों में आरक्षण का प्रतिशत तैयार कर राज्य शासन को यथोचित अनुशंसा प्रेषित किया जाना है। विगत दिनों छ.ग. पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग द्वारा प्रमुख सचिव, छ.ग. शासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, सचिव छ.ग. शासन, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग एवं विभागाध्यक्षों के साथ इस संबंध में बैठक आयोजित की गई थी। 

बैठक में निर्णय लिया गया कि अन्य पिछड़े वर्गों की जनसंख्या का वार्ड एवं ग्रामवार आंकलन कर तत्काल सर्वे किया जाना है। उक्त कार्य शीघ्र पूरा कर राज्य शासन को आयोग द्वारा प्रतिवेदन दिया जाना है, ताकि समय पर स्थानीय निकायों के चुनाव संपन्न हो सके।

नगरीय निकायों के चुनाव का कार्यकाल समाप्त हो रहा है इसलिए उनके चुनाव पहले प्रारंभ होंगे, इसलिए नगरीय निकायों में मतदाता सूची का डोर-टू-डोर सर्वे कर उनकी संख्या का तत्काल आंकलन किया जाएगा। बताया गया है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य 20 अगस्त 10 अक्टूबर तक किया जाना है इसकेसके लिए बी.एल.ओ. डोर-टू-डोर जाकर मतदाता सूची का पुनरीक्षण करेंगे। इसलिए यह निर्णय लिया गया कि बी.एल.ओ. को अन्य पिछड़े वर्गों की संख्या के आंकलन के लिए एक अलग प्रपत्र उपलब्ध कराया जावेगा ताकि वह ऐसे मतदाता जो अन्य पिछड़ा वर्ग की श्रेणी में आते हैं, उनका अलग से आंकड़े एकत्रित कर सके। ऐसा करने से एक ही कर्मचारी द्वारा दोनों कार्य आसानी से किया जा सकता है तथा अलग से सर्वे करने के लिए कर्मचारी की जरूरत नहीं पड़ेगा। पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग सचिव द्वारा जारी 16 अगस्त को जारी पत्र में कहा गया है कि नगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उक्त कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जावे उक्त सर्वेक्षण के आंकड़े संकलित कर 1 माह के भीतर अनिवार्यत: उपलब्ध कराए।

एडीएम अरविंद एक्का का कहना है कि छ्ग पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग से पिछड़ा वर्ग के सर्वेक्षण के संबंध में निर्देश दिए गए है मगर इस संबंध में अभी विस्तृत दिशा निर्देश नहीं आया है।


अन्य पोस्ट