दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 अगस्त। पोटियाकला स्थित जमीन बिक्री की धोखाधड़ी के एक मामले में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा नोटिस जारी किया गया है।
पीडि़त पदम जैन पिता ज्ञानमल जैन गवलीपारा दुर्ग द्वारा राकेश जैन पिता नेमीचंद जैन, प्रीतिबाला जैन पत्नी राजकुमार जैन, रोहितराज मोदी पिता राजकुमार मोदी से पोटियाकला स्थित भूमि का 2,80,00,000 में सौदा कर बयाने की राशि 30,00,000 देकर इकरारनामा निष्पादित किया गया था।
अधिवक्ता नीरज चौबे ने बताया कि बाद में इकरारनामा के गवाह रोहितराज मोदी द्वारा उसी जमीन का आम मुख्तयार राकेश जैन एवं प्रीतिबाला जैन से प्राप्त करते हुए पदम जैन को बिक्री न करते हुए अन्य 10 व्यक्तियों को छलपूर्वक बिक्री कर दिया गया। जिसकी जानकारी होने के बाद पदम जैन द्वारा रजिस्ट्री कार्यालय से पंजीकृत बयनामे की सत्यप्रतिलिपि प्राप्त करते हुए सिटी कोतवाली दुर्ग में धोखाधड़ी की एक लिखित शिकायत की गई। सिटी कोतवाली दुर्ग द्वारा प्रथम सूचना दर्ज नहीं किए जाने पर दुर्ग न्यायालय में आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया था, जिसे दुर्ग न्यायालय द्वारा निरस्त कर दिया गया।
उक्त आदेश के विरूद्ध पदम जैन अपने अधिवक्ता नीरज चौबे के माध्यम से उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ बिलासपुर में रिट याचिका प्रस्तुत की गई। रिट याचिका राकेश जैन, प्रीतिबाला जैन एवं रोहितराज मोदी के विरूद्ध प्रस्तुत किया। उक्त याचिका को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा स्वीकार करते हुए उक्त घोखाधड़ी के मामले में संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया है।