दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 अगस्त। गुरुवार को हुई जोरदार बारिश के बाद खरखरा जलाशय भी अब छलकने लगा है। वहीं तांदुला जलाशय के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। यहां वर्तमान में 88 प्रतिशत तक जलभराव हो गया है जबकि खपरी जलाशय पहले से ही छलक रहा है। जानकारी के अनुसार सभी जलाशयों में निरंतर जल का आवक बना हुआ है। गोंदली जलाशय का भी जलभराव बढक़र 50.19 प्रतिशत तक पहुंच गया है। वहीं मरौदा जलाशय में 47.54 प्रतिशत जलभराव हो चुका है। जलाशयों में जलभराव बेहतर होने से सिंचाई को लेकर किसानों की चिंता दूर हुई है।
जिले में अब तक 501.1 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है जो कि आज की तिथि में सामान्य औसत वर्षा 555.1 मिमी का 90.3 प्रतिशत है। पिछले कुछ दिनों में हुई अच्छी बारिश के बाद खेती किसानी के कार्यों में गति आई है। आज भी जिले में 14.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। सबसे ज्यादा धमधा तहसील अंतर्गत 32.2 मिमी वर्षा हुई। इसी प्रकार पाटन 24.4, अहिवारा 16.5, बोरी 7, दुर्ग 4.4 एवं भिलाई 3 तहसील अंतर्गत 1.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।