दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 अगस्त। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धमधा के अस्पताल परिसर में शराब पार्टी व अभद्र शब्दों से गाली गलौच किए जाने के मामले में एक कर्मचारी को निलंबित किया गया है। वहीं 2 कर्मचारियों (जीवनदीप समिति) को सेवा से पृथक करने की अनुशंसा की गई है।
इस आशय का आदेश जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी द्वारा 14 अगस्त को जारी किया गया है। आदेश में यह उल्लेख किया गया है कि मामले से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए खण्ड चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धमधा द्वारा जांच समिति का गठन कर जांच प्रतिवेदन अभिमत के साथ सीएमएचओ कार्यालय में प्रस्तुत किया गया। जांच प्रतिवेदन अनुसार वायरल वीडियो में शराब की बोतल, गिलास व खाने की सामग्री पायी गई।
जांच में संबंधित वीडियो अस्पताल परिसर धमधा का होना पाया गया तथा प्रमोद कुमार जोशी फार्मासिस्ट ग्रेड-2 सामु.स्वा.केन्द्र धमधा की संलिप्तता नजर आई। इस वजह से प्रमोद कुमार जोशी फार्मासिस्ट ग्रेड 2 का उक्त कृत्य में संलिप्त होने के कारण सिविल सेवा (आचरण) नियम के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने का आदेश जारी किया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निकुम रहेगा तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। वहीं इसी मामले में सीएमएचओ ने खंड चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा को लिखे पत्र में उल्लेख किया है कि आदित्य राजपूत कम्प्यूटर ऑपरेटर (जीवनदीप समिति) तथा सुरेन्द्र कुमार निर्मलकर वाहन चालक (जीवनदीप समिति) सामु.स्वा. केन्द्र धमधा की भी संलिप्तता पाई गई है। इन दोनों कर्मचारियों को नियमानुसार तत्काल सेवा से पृथक करने की कार्रवाई कर सीएमएचओ कार्यालय को सूचित करने बीएमओ धमधा को कहा गया है। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी ने बताया कि बीएमओ धमधा द्वारा मामले में जांच टीम गठित की गई थी। जांच प्रतिवेदन के आधार पर एक नियमित कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया है तथा दो अन्य कर्मचारियों पर कार्रवाई करने बीएमओ धमधा को पत्र जारी किया गया है।