दुर्ग

सडक़ किनारे मिली युवक की खून से लथपथ लाश
17-Aug-2024 3:14 PM
सडक़ किनारे मिली युवक की खून से लथपथ लाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 17 अगस्त।
शनिवार सुबह दुर्ग जिले में एक युवक की खून से लहूलुहान लाश मिलने से सनसनी फ़ैल गई है। युवक के सिर के पीछे गहरे चोट के निशान हैं। बताया जा रहा है कि लोहे के रॉडनुमा चीज से युवक मारा गया है। यह मामला भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाष नगर इलाके का है।

खुर्सीपार पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम अनिल शर्मा है। वह वार्ड 39 खुर्सीपार का रहने वाला था। सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस सहित खुद एडिशनल एसपी सिटी सुखनंदन राठौर और छावनी सीएसपी हरीश पाटिल मौके पर पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया।

दूसरी तरफ मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि रात में उसका किसी से झगड़ा हुआ होगा और उसी ने हत्या कर दी है। पुलिस का भी यही मानना है कि जिस तरह से मृतक का चप्पल नाली में पड़ा हुआ था। शव सडक़ पर पड़ा था। घटना स्थल पर काफी अधिक खून बहा है जिससे लगता है कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

जांच के लिए फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई है। पुलिस ने कुछ संदेहियों को भी हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चल पाएगा। मृतक अनिल शर्मा के दो बच्चे हैं। उसकी पत्नी पिछले 10 साल से बच्चों को लेकर अलग रह रही है। 

परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह वह घर से निकला था। इसके बाद देर रात सुभाष नगर शराब पीने गया था। वहां अवैध शराब बेचने वालों से उसके विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हर पहलु पर जांच में जुटी है।
 


अन्य पोस्ट