दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 अगस्त। स्वाधीनता दिवस के 78 वीं वर्षगांठ के शुभ अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के बघेरा स्थित आनंद सरोवर एवं राजऋषि भवन केलाबाड़ी में अनेक भाई-बहनों के सानिध्य में ब्रह्माकुमारी की संचालिका रीटा बहन एवं वरिष्ठ राजयोगी शिक्षिका रूपाली बहन ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी रीटा बहन, रूपाली बहन, सभी ब्रह्माकुमारी बहने एवं सभी भाई-बहनों ने भारत को स्वतंत्रता दिलाने वाले महापुरुषों को नमन किया। रीटा बहन ने इस अवसर पर कहा कि देश को जिन महापुरुषों ने स्वतंत्रता दिलाई उनका योगदान इतिहास में अमर एवं अतुलनीय है जिन्हें हम सभी नमन एवं वंदन करते हैं । वरिष्ठ राजयोगी शिक्षिका रूपाली बहन ने बताया निराकार परमपिता परमात्मा शिव ने बताया है कि भारत आदिकाल में सोने की चिडिय़ा कहलाती थी । जहां सभी मनुष्य आत्माएं सुख-शांतिपूर्वक जीवन व्यतीत करते थे ।