दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 अगस्त। पद्मनाभपुर थाना अंतर्गत पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की आधी रात डंडे से पिटाई के बाद चाकू गोदकर हत्या कर दी गई।
इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों व मोहल्लेवासियों ने शव को सडक़ पर रखकर दो घंटे प्रदर्शन किया। बाद में आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने चार संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पद्मनाभपुर पुलिस ने बताया कि बोरसी भाठा वार्ड 50 निवासी शुभम बंदे (20) की सोमवार रात करीब 11 से 12 के बीच उसकी कुछ युवकों से पुरानी बात को लेकर विवाद हुआ।
विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने उस पर चाकू व डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवक पेट व पीठ पर चाकू मारकर सभी फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। परिजन उसे जिला अस्पताल से निजी अस्पताल ले जा रहे थे।
इस दौरान उसकी मौत हो गई। शुभम बंदे टाइल्स लगाने का काम करता था। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पद्मनाभपुर पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस जल्द इस मामले का खुलासा करेगी।
शुभम बंदे की हत्या के बाद दोपहर में उसके शव को परिजन व मोहल्ले के लोगों ने सडक़ पर रखकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी व जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद समझाइश देने के बाद प्रदर्शन शांत हुआ।