दुर्ग

वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापित किए जाएंगे
14-Aug-2024 3:57 PM
वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापित किए जाएंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 14 अगस्त। जिले के तीनों विकासखंड में वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापित किए जाएंगे। जहां गांवों से निकलने वाले प्लास्टिक कचरे का प्रबंधन किया जाएगा। 15 अगस्त को दुर्ग विकासखंड के ग्राम कोलिहापुरी, पतोरा पाटन एवं धमधा के लिटिया में यूनिट का उद्घाटन किया जाएगा। इस प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापना का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक ग्राम से निकलने वाले प्लास्टिक को विकासखंड स्तर पर प्रबंधन कर पुन: चक्रण (रिसायकल) करने, सडक़ बनाने, सीमेंट कम्पनी आदि को प्रदाय किया जाएगा। जिससे ग्रामीण स्तर पर प्लास्टिक के प्रदूषण को कम किया जा सकेगा।

ग्राम पंचायतों में घर-घर कचरा एकत्रीकरण का कार्य कर रहे स्वच्छाग्राही स्व-सहायता समूह द्वारा समस्त 381 ग्रामों में रिक्शा के माध्यम से कचरा एकत्रीकरण कर गांव को स्वच्छ बनाये रखने में अहम भूमिका निभाई जा रही है। इन महिलाओं को जिले के सभी ग्राम पंचायतों में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम स्तर पर होने वाले कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा। स्वच्छाग्राहियों को सुरक्षा सामग्री एवं कार्य सामग्री भी ग्राम पंचायत के माध्यम से वितरण की जाएगी। स्वच्छाग्राहियों को उनके कार्य का का मानदेय भी 15 अगस्त को ग्रामीणों की उपस्थिति में प्रदान किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक ग्राम में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिये प्रत्येक गांव में यूजर चार्जेस प्रारंभ किया जा रहा है, अब-तक कुल 83 गांवों में यूजर चार्जेस लेना प्रारंभ किया जा चुका है। यूजर चार्जेस से प्राप्त होने वाली राशि से भी स्वच्छाग्राहियों का मानदेय एवं अन्य रख-रखाव का कार्य ग्राम पंचायत द्वारा किया जाएगा। ग्राम में स्वच्छता स्थायित्व बनाए रखने के लिए ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, वार्ड पंच, महिला स्व-सहायता समूह, शाला शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा गांव में स्वच्छता रैली निकाल कर ग्रामीणों को सूखा कचरा एवं गीला कचरा पृथक कर सुरक्षित निपटान करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।

ग्राम में कहीं भी गंदे पानी का बहाव न हो एवं घर से निकलने वाले ग्रे-वाटर के प्रबंधन के लिए घरेलू व्यक्तिगत सोख्ता गड्ढा एवं किचन गार्डन तैयार करने भी प्रेरित किया जा रहा है।

ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन अंतर्गत समस्त गांव में सूखा एवं गीला कचरा के प्रबंधन की समूचित व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है। समस्त कार्यों की जियो टैगिंग के साथ ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव के माध्यम से ऑनलाइन जनरेटेड हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र, ग्राम सभा का प्रस्ताव, ग्राम सभा का वीडियो, ओ.डी.एफ. प्लस स्थायित्व प्रमाण-पत्र भारत सरकार की वेबसाईट पर अपलोड की गई है। जिससे समस्त 381 ग्राम एवं 300 ग्राम पंचायतों द्वारा स्वयं ओ.डी.एफ. प्लस मॉडल घोषणा की जा चुकी है। जिसका सत्यापन कार्य विकासखंड स्तर एवं जिला स्तर पर अलग-अलग दल का गठन कर पूर्ण कर लिया गया है। 15 अगस्त को विकासखंड दुर्ग, धमधा, पाटन एवं जिला दुर्ग (ग्रामीण) ओ.डी.एफ. प्लस मॉडल की घोषणा किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट