दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 अगस्त। दुर्ग जिले में पदस्थ लिखेश वर्मा छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ के प्रांत अध्यक्ष बनाए गए हैं। अपनी नियुक्ति के बाद अध्यक्ष के रूप में संघ के सदस्यों को संबोधित करते हुए उन्होंने कर्मचारी हितों को सर्वोंपरी बताया। साथ ही कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं को शीघ्र शासन के समक्ष रखने आश्वस्त किया।
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी, महासमिति सह केंद्रीय प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें संगठन की गतिविधियों को उचित एवं रचनात्मक दिशा देने के उद्देश्य से पूर्व प्रांत अध्यक्ष को पद से हटाकर लिखेश वर्मा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी जिला दुर्ग को नए प्रांताध्यक्ष के लिए सर्व सम्मति से 22 जिलों के लोगों ने चुनाव किया।
नवनिर्वाचित प्रांत अध्यक्ष श्री वर्मा ने शीघ्र ही संघ नई प्रांतीय कार्याकारिणी का गठन कर छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ के सदस्यों के हित में नई ऊर्जा के साथ कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कर्मचारी हित सर्वोपरि होगा। साथ ही संगठन के सदस्यों के आर्थिक हितों की रक्षा हेतु उचित कार्यवाही करने एवं कर्मचारियों के समस्त लंबित मांगों के साथ साथ मैदानी स्तर पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी की समस्याओं को शीघ्र शासन के समक्ष रखेंगे। इस दौरान मिथिलेश साहू, कृष्ण कुमार यादव, मोहित बजरंग, मनीष सिंह, अभिषेक तिवारी, नवल किशोर साहू, गिरिजा शंकर पटेल, राजू दास, दुर्गेश खिचरिया, योगेन्द्र सिन्हा, डिकेद्र वर्मा, दिग्विजय क्षत्रिय, दिनेश पटेल, अविनाश चंद्राकर, सहित अन्य जिलाध्यक्ष एवं ब्लॉक पदाधिकारी व सदस्य गणों के अलावा विशेष रूप से तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांतीय महामंत्री पदमेश कुंदन शर्मा उपस्थित रहे।