दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 अगस्त। कमजोर टैक्स वसूली निगम के लिए एक चिंता का विषय है। करोड़ों रुपए के टैक्स जमा नहीं हुए। वर्षों से लंबित टैक्स को जमा करने निगम प्रशासन द्वारा कोई विशेष पहल नहीं की गई। इससे निगम की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। निगम कर्मचारियों को वेतन देने के लिए आर्थिक संकट की स्थिति बनी रही। इन सारी परिस्थितियों से निजात पाने निगम प्रशासन द्वारा राजस्व विभाग को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने बकाया टैक्स वसूली के लिए बकायदा एक टीम गठित की है। इस टीम को 30 दिनों के भीतर टैक्स की बकाया वसूली की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सप्ताह भर के भीतर राजस्व वसूली का लक्ष्य एक करोड़ रखा गया है।
निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने 8 अगस्त को आदेश जारी किया है, जिसमें बड़े बकायादारों से राजस्व वसूली के लिए टीम का गठन किया है। राजू लाल चंद्राकर जल कार्य निरीक्षक को इस टीम का अध्यक्ष बनाया गया है। सदस्य के रूप में निशांत यादव राजस्व उप निरीक्षक, रामखिलावन शर्मा प्रभारी राजस्व उप निरीक्षक, योगेश सूरे प्रभारी राजस्व उप निरीक्षक तथा संजय मिश्रा प्रभारी राजस्व उप निरीक्षक होंगे। टीम के ये सदस्य 30 दिवस के भीतर राजस्व वसूली का कार्य पूर्ण रूप से करते हुए पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। इस टीम के सभी सदस्यों एवं अध्यक्ष को नाम से रसीद बुक जारी करने स्टोर प्रभारी को निर्देशित किया गया है। निगम प्रशासन द्वारा लंबे समय से टैक्स जमा नहीं कर रहे हितग्राहियों की सूची तैयार की गई है। वार्ड अनुसार बनाई गई बकायादारों की सूची में शहर के नामी लोग भी शामिल हैं। उनके नाम बकाया टैक्स लाखों रुपए है।
देखना दिलचस्प होगा कि टीम के सदस्य इन नामी लोगों से टैक्स किस तरह वसूलेंगे।