दुर्ग
दुर्ग, 12 अगस्त। दिल्ली के कोचिंग सेंटर की घटना को लेकर संचालक नगरीय प्रशासन ने समस्त आयुक्तों और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया है कि वह टीम बनाकर विभिन्न संस्थाओं में सुरक्षा ऑडिट करें। जिन संस्थाओं में सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए गए हैं उनमें कोचिंग सेंटर, स्कूल, मॉल, सिनेमा घर, कॉलेज, हॉस्टल, हॉस्पिटल आदि सार्वजनिक एवं शैक्षणिक संस्थाएं शामिल है।नगर पालिका निगम, नगर पालिका परिषद तथा नगर पंचायत स्तर पर समिति का गठन कर सुरक्षा ऑडिट किया जाना है। समिति में निगम स्तर पर भवन अधिकारी, वरिष्ठ अभियंता तथा राजस्व विभाग के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसी प्रकार पालिका में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, वरिष्ठ अभियंता और राजस्व विभाग के प्रतिनिधि शामिल होंगे। संचालक नगरीय प्रशासन ने जारी आदेश में एक माह के भीतर सुरक्षा ऑडिट कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि भिलाई में सर्वाधिक कोचिंग सेंटर व हॉस्टल संचालित है, जिसका सुरक्षा ऑडिट लंबे समय से नहीं हो रहा है। कई बड़े मॉल, बिजनेस सेंटर और शॉपिंग कांप्लेक्स में बेसमेंट का निर्माण किया गया है किंतु उसका उपयोग पार्किंग के लिए नहीं किया जाकर गोदाम के रूप में किया जा रहा है।
जिससे वहां पहुंचने वाले वाहन सडक़ों पर पार्क हो रहे हैं और यातायात की समस्या उत्पन्न हो रही है।