दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग,11 अगस्त। जिले में जारी खरीफ वर्ष 2024 में अब तक बीज के 8 नमूने अमानक पाए गए हैं। मामले में संबंधित विक्रेता एवं कंपनी को कृषि विभाग ने नोटिस जारी किया है। साथ ही विभाग द्वारा अमानक पाए गए बीज के विक्रय पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
जारी खरीफ में विभाग को सहकारी क्षेत्र से बीज के 246 एवं निजी दुकानों से 109 को मिलाकर कुल 355 नमूने लिए जाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके विरुद्ध कृषि विभाग ने अब तक बीज के 441 नमूने लिए हैं। इनमें 439 नमूनों की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। मात्र 2 का रिपोर्ट आना बाकी है। जांच रिपोर्ट में बीज के जो नमूने अमानक पाए गए हैं इनमें न्यूजीवीडु सीड्स कंपनी के संपदा धान एन पी 9558 के 2 नमूने जांच में अमानक मिले हैं। इसके नमूने क्रमश: साहू ट्रेडर्स सोनपुर मात्रा 22 क्विंटल एवं चंद्राकर कृषि केन्द्र नगपुरा (मात्रा 6.40 क्विंटल) से लिए गए थे। इसी प्रकार सोनी कृषि केन्द्र एंड ट्रेडर्स से निर्मल सीड्स कंपनी की धान एमटीयू 7029 का भी लिया गया है। एक नमूना जांच में अमानक पाया गया, जहां मौजूद 15 क्विंटल धान बीज के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।
वहीं नेचरवाल मेड़ेसरा धमधा से धान महामाया का 2 नमूना अमानक मिला है। इन दोनों नमनों के लाट में 100-100 क्विंटल बीज थे। इसी तरह सेवा सहकारी समिति राजपुर से लिए गए सोयाबीन जे एस 9305 का दो नमूना एवं सोयाबीन बीज जेएस 9560 का एक नमूना प्रयोग शाला की जांच में अमानक पाया गया है। उपसंचालक कृषि ललित मोहन भगत के अनुसार अमानक बीज के मामले में संबंधितों को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही अमानक बीज के विक्रय पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया। जवाब संतोषप्रद नहीं होने पर बीज लायसेंस निरस्त किए जाने एवं निलंबन की कार्रवाई प्रस्वावित की जाएगी।