दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 अगस्त। जिले में तीन सौ हेक्टेयर आयल पाम की खेती की जाएगी। इसके लिए उद्यानिकी द्वारा जिले के कृषकों से ऑयल पॉम का पौधरोपण कराया जा रहा है। इसी के तहत आज धमधा विकास खंड ग्राम चेटूवा में 5 हेक्टेयर में ऑयल पॉम के पौधे रोपित किए गए।
अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा एवं कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी की मौजूदगी में 3 एफ ऑयल पॉम कंपनी एवं उद्यानिकी विभाग के तत्वाधान में कृषक जगदीश सोलंकी की कृषि भूमि यह पौधरोपण किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत चेटुवा में किसानों की उपस्थिति में उद्यान विभाग एवं 3-एफ ऑयल पॉम कंपनी के समन्वय से ऑयल पॉम की खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों में जागरूकता लाने हेतु कार्यक्रम रखा गया। इसमें उपसंचालक उद्यान पूजा कश्यप साहू एवं 3 एफ ऑयल पॉम छ.ग. प्रमुख मनोज कुमार शर्मा द्वारा केन्द्र पोषित ऑयल पॉम योजना (एनएमईओ-ओपी) के संबंध में कृषकों को विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान ऑयल पॉम की खेती कर रहे कृषक योगेश साहू ग्राम टेमरी द्वारा ऑयल पॉम खेती से होने वाले लाभ के बारे में बताया गया। भारत सरकार द्वारा खाद्य तेल के मामले में यह महत्वपूर्ण योजना शुरू की गई है। इसके तहत दुर्ग जिले में भी आयल पाम का व्यापक पौधरोपण कराने उद्यानिकी विभाग द्वारा कवायद की जा रही है। इस कार्यक्रम में नगर पालिका अहिवारा अध्यक्ष नटवरलाल ताम्रकार, जनपद पंचायत धमधा अध्यक्ष सरस्वती रात्रे, जनपद सदस्य हेमा साहू व अशोक पटेल, पूर्व सरपंच ढौर खेमू साहू, सरपंच ग्राम पंचायत चेटूवा आत्मा राम गजपाल, साथ ही उद्यानिकी विभाग धमधा के अधिकारीगण एवं 3 एफ ऑयल पॉम के कर्मचारी तथा कृषक गण उपस्थित थे।