दुर्ग

मवेशियों ने उड़ाई किसानों की नींद
07-Aug-2024 3:58 PM
मवेशियों ने उड़ाई किसानों की नींद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 7 अगस्त। लावारिस मवेशियों ने इन दिनों जिले के किसानों की नींद उड़ा दी है एक गांव के लावारिस मवेशियों को दूसरे गांव में छोड़ रहे रहे है। इन लावारिस मवेशियों का झूंड फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं वहीं पूर्व सरकार द्वारा शुरू की गई रोका छेका व गौठान योजना भी बंद है, वहीं वर्तमान सरकार ने लावारिस मवेशियों से फसलों को बचाने उक्त योजना के बदले अब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं दी है इसे लेकर किसानों में रोष व्याप्त है।

 प्रदेश में अच्छी बारिश के साथ फसल बुआई के बाद रोपाई का कार्य भी अब अंतिम पड़ाव पर है ,किसानों को उम्मीद है कि इस बार अच्छी बारिश के साथ साथ समय पर शुरुवात के सभी कार्य हो जाने से अच्छी पैदावार मिलेगी तो पिछले रबी सीजन में हुये बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से हुये फसल नुकसान की भरपाई हो जाएगी मगर अब किसानों के लिये लावारिस मवेशियों की नया आफत खड़ी हो गई है।

ग्राम परसबोड़ निवासी कृषक दानेश्वर साहू का कहना है कि राज्य में  सरकार बदलने के साथ ही लावारिस मवेशियों की समस्या बढ़ गई है पिछली सरकार के द्वारा चरी चरागन व किसानों के हित के लिये लाई गई योजना रोका- छेका एवं गौठान योजना बंद हो जाने से आवारा मवेशी आफत बनकर फसल पर मंडरा रहे हैं, आलम यह है कि एक गांव से लावारिस मवेशी को रात के अंधेरे में दूसरे गांव छोडऩे पर लोग मजबूर हैं लेकिन समस्या ज्यों का त्यों बनी हुए है,झुंड में एक साथ दर्जनों से ज्यादा की संख्या में चलने वाले लावारिस पशु जिस खेत में घुस जाते हैं,उस खेत की पुरी फसल को चरकर नष्ट कर देते हैं।

उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार में रोका-छेका व गौठान योजना संचालित होने से इन मवेशियों को गौठान में रखते थे जिससे किसानों की फसल चरी चरागन से बच जाते थे,लेकिन सरकार बदलते ही किसानों के ऊपर आफत आन पड़ी है किसान भाई लावारिस मवेशियों से फसल की सुरक्षा की व्यवस्था के लिये मुँह तांक रहे है मगर किसानों की इस गहन समस्या का हल  शासन - प्रशासन के नुमाइंदो के पास नहीं है।

कांग्रेस के दुर्ग जिला सहकारिता प्रकोष्ठ अध्यक्ष रिवेन्द्र यादव का कहना है कि लावारिस मवेशियों से फसलो को नुकसान के साथ सडक़ों में इनके जमावड़ा से दुर्घटना में लोगों को जान पर खतरा मंडरा रहा है। इसलिए सरकार जल्द गौठान योजना शुरू करे या लावारिस मवेशियों से सुरक्षा के लिए ठोस वैकल्पिक व्यवस्था करें गौठान योजना के तहत गोबर खरीदी किए जाने पर बहुत से पशुपालक गोबर बेचकर पशुओं के चारे की व्यवस्था कर उन्हें घर में रखते थे वहीं कई गरीब परिवार के लिए आजीविका का साधन भी बना हुआ था।


अन्य पोस्ट