दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 अगस्त। जिले में हुई जोरदार बारिश से स्थानीय नाले उफान पर है। इससे नदियों में पानी की आवक बढऩे लगी है। जिसकी वजह से शिवनाथ नदी का जलस्तर फिर बढऩे लगा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों खेतों में भी लबालब पानी भर गया।
जिले में 30 .2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। इसे मिलाकर अब तक कुल 410.2 मिमी औसत वर्षा हो गई है। आज सबसे ज्यादा बोरी तहसील अंतर्गत 43.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। इसी प्रकार दुर्ग 32.4, धमधा 29.8, पाटन 29.1, अहिवारा 27.9 एवं भिलाई 3 तहसील में 18.4 मिमी वर्षा हुई। जोरदार बारिश के बाद तांदुला जलाशय में जल भराव कुल क्षमता का 77.83 प्रतिशत तक जा पहुंचा। वहीं खरखरा में भी जलभराव 79.12 प्रतिशत तक हो गया है। खपरी जलाशय सप्ताह भर से छलक रहा है। इसी प्रकार गोंदली 41.01 एवं मरौदा जलाशय में 56.56 प्रतिशत जल भराव हो गया है।
मोंगरा जलाशय से शिवनाथ में इस समय 4000 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं स्थानीय नालों से भी अच्छी आवक बनी हुई है। जिसकी वजह से शिवनाथ का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
आज सुबह समाचार लिखे जाने तक शिवनाथ नदी पर स्थित महमरा एनीकट के 5 फीट ऊपर तक पानी चढ़ गया है जबकि सुबह यहां एनीकट के ऊपर 4 फीट पानी था, जलस्तर बढऩे से उफनती हुई शिवनाथ का नजारा देखने महमरा एनीकट में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।