दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 31 जुलाई। नवनियुक्त अधिकारी कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार पूरे छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला दुर्ग के नगरीय निकाय अधिकारी और कर्मचारी अपने दो सूत्रीय मांगों को लेकर पटेल चौक दुर्ग में धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में वेतन संबंधी समस्या हमेशा बनी रही है । नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग रायपुर के आदेशानुसार नगरीय निकायों में कार्यरत नियमित,प्लेसमेंट कर्मचारियों को प्रत्येक माह की 7 तारीख तक वेतन भुगतान अनिवार्य रूप से किये जाने के निर्देश है, किन्तु वर्तमान स्थिति में छत्तीसगढ़ के अधिकांश नगरीय निकायों में कर्मचारियों के 1 से 2 माह का वेतन भुगतान लंबित है, जिसके कारण निकाय के अधिकारी और कर्मचारी आर्थिक एवं मानसिक रूप से परेशान है, बच्चों के स्कूल की फीस भी जमा नहीं किया जा सका है।
वर्तमान में शासन द्वारा विधानसभा - 2023 घोषणा पत्र में शासकीय कर्मचारियों को प्रत्येक माह का वेतन भुगतान किये जाने का उल्लेख किया गया है किंतु आज तक उसमें अमल नहीं किया जा सका है।
उक्त समस्या के संबंध में शासन प्रशासन को नियमित रूप से अवगत कराया जा रहा है किन्तु समस्या का हल नहीं निकला। इसलिए महत्वपूर्ण दो मांग जिसमे पहला नगरीय निकायों में प्रत्येक माह की 01 तारीख को वेतन भुगतान कि व्यवस्था सुनिश्चित करना एवं द्वितीय नगरीय निकायों में अन्य विभाग की भांति शीघ्र ही पुरानी पेंशन योजना लागू किया जाना शामिल है।
उक्त मांग हेतु मुख्यमंत्री छग शासन के नाम से ज्ञापन पत्र अपर कलेक्टर को सौंपा गया। ज्ञातव्य हो कि पहले चुंगीकर, दैनिक, साप्ताहिक बाजार कर, मवेशी बाजार कर की वसूली नगरीय निकाय द्वारा की जाती थी, जिससे कर्मचारियों को वेतन समय पर मिल जाया करता था, परंतु सरकार द्वारा इन सभी टैक्सों को समाप्त कर दिए जाने से नगरीय निकाय के कर्मचारियों को वेतन समय पर नहीं मिल पा रहा है।
हड़ताल में अनिल शुक्ला -प्रांतीय संयोजक छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी महासंघ द्वारा समर्थन देते हुए सभा को संबोधित किया साथ ही संजय शर्मा कर्मचारी संघ संयोजक भिलाई, अनुरूप साहू जिला अध्यक्ष कर्मचारी संघ, नवनियुक्त अधिकारी कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश दुर्ग जिला महामंत्री हरिकिशन पावरिया, ने सभा को संबोधित कर कहा की मांग पूरा नहीं किए जाने की स्थिति में आवश्यक सेवाओं को बंद किए जाने हेतु बाध्य होना पड़ेगा। तथा मांग अतिशीघ्र पूरा करने हेतु शासन को ज्ञापन सौंपा। उक्त हड़ताल हरिकिशन पावरिया की अगुवाई में एवं संजय शर्मा के मार्गदर्शन में सफलता पूर्वक पूरा किया गया।
उक्त हड़ताल में दुर्ग जिला के सभी नगरीय निकाय पाटन, उतई, कुम्हारी, जामुल, अमलेश्वर अहिवारा, भिलाई निगम,रिसाली से कर्मचारी अधिकारी भी सम्मिलित हुए।