दुर्ग

अतिक्रमण पर चला निगम का बुलडोजर
19-Jul-2024 4:36 PM
अतिक्रमण पर चला निगम का बुलडोजर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 19 जुलाई।  नगर निगम दुर्ग का अतिक्रमण हटाओ मुहिम जोर पकड़ा है।

सुगम यातायात तथा व्यवस्थित पार्किंग के तहत निगम का यह अभियान चल रहा है। गुरुवार की शाम सहायक राजस्व अधिकारी शुभम गोईर के नेतृत्व में राजस्व अमला इंदिरा मार्केट क्षेत्र पहुंची। अग्रवाल मिष्ठान भंडार के सामने की नाली को पाटकर कई दुकानदारों द्वारा किए गए दुकान के विस्तार हटाने कहा गया और दुकान की सीमा में ही दुकान लगाने निर्देशित किया गया। इस बीच नाली खुलवाने बुलडोजर का भी इस्तेमाल किया गया। दुकानदारों को कहा गया है कि वे नाली को कब्जा से मुक्त करें। अन्यथा निगम द्वारा बड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए दुकानदार स्वयं जिम्मेदार होंगे। इसके पहले सुबह जिला अस्पताल के सामने तथा गौरव पथ किनारे लगे ठेले खोमचे हटाने की कार्रवाई की गई।

नगर निगम दुर्ग क्षेत्र में जहां खाली जगह दिखाई पड़ा। कुछ दिनों बाद वहां अतिक्रमण शुरू हो जाता है। वैसे अतिक्रमण निगम के नाक के नीचे ही होता है। इस दौरान निगम प्रशासन चुप्पी साधे रहता है। जैसे ही नागरिकों का दबाव निगम प्रशासन पर पड़ता है तो अतिक्रमण हटाने निगम मुहिम भी शुरू कर देता है। वैसे नगर निगम के मुख्य मार्गों तथा बाजारों में अतिक्रमण की भरमार है। खानापूर्ति के लिए निगम प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई की जाती है। इस बार निगम प्रशासन संकल्पित मानसिकता के साथ अतिक्रमण हटाने का मुहिम छेड़ रखा है। पब्लिक भी निगम के इस अभियान की सराहना कर रही है।

पब्लिक का कहना है कि यह कार्रवाई निरंतर जारी रहना चाहिए, तभी अतिक्रमण से मुक्ति मिल पाएगी। गौरव पथ के किनारे फल दुकान लगाए हुए दुकानदारों को पूर्व में व्यवस्थापन के तहत गुमटी आवंटित की गई है। मेनोनाइट चर्च के सामने निगम प्रशासन द्वारा 20 गुमटी स्थापित की गई। कुछ दिन तक ये फल व्यवसायी अपने दुकान को गुमटियों में शिफ्ट कर दिए थे, लेकिन धंधा मंदा होने की वजह से वापस गौरव पथ किनारे ठेला लगाना शुरू कर दिए, जिसे फिर से बेदखल किया गया है।


अन्य पोस्ट