दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 18 जुलाई। लकवाग्रस्त हरनाबांधा दुर्ग निवासी शाम 5 बजे बाईपास रोड बोगदा पुलिया के पास देशी शराब भट्टी शराब खरीदने पहुंचा ही था कि मोहल्ले के ही अमन कंडरा ने हाथ मुक्का और ईंट से मारपीट कर घायल कर दिया। पीडि़त की पत्नी ने मोहन नगर थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
पीडि़त संतोष कहार की पत्नी ने मोहन नगर पुलिस को बताया कि उसके पति संतोष कहार लकवा के कारण बोल और सुन नहीं सकते हैं। उनके शरीर में दाहिने तरफ अपंगता आ गई है। शाम 5 बजे उसके पति बाईपास रोड बोगदा पुलिया के पास देशी शराब लेने गए, तभी हरनाबांधा का ही अमन कंडरा उन्हें शराब खरीदते देख गालियां देने लगा। उसने जान से मारने की धमकी दे संतोष से हाथ मुक्का एवं पास में पड़े र्इंट को उठाकर मारपीट किया है।
महिला के मुताबिक संतोष के सिर, नाक एवं बांये आंख के उपर चोट आई है। शराब खरीदने के दौरान हुई मारपीट से संतोष जो रुपये रखा था वो भी झूमाझटकी में कहीं गिर गया है।
घटना के संबंध में संतोष कहार ने घर आकर पत्नी को ईशारा से सबकुछ बताया, जिसके बाद पत्नी अपने पति को साथ लेकर थाना पहुंची। पुलिस ने अमन कंडरा के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।