दुर्ग
दुर्ग/भिलाई नगर, 17 जुलाई। दुर्ग के वरिष्ठ अधिवक्ता की स्कूटर दिनदहाड़े अज्ञात चोर ने पार कर दी है। यह चोरी जिला न्यायालय दुर्ग के समीप स्थित बीएसएनएल दफ्तर के कैम्पस से हुई है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर दुर्ग कोतवाली पुलिस चोरी हुए वाहन की तलाश में जुटी है। भिलाई के सेक्टर-6 निवासी अधिवक्ता अवधेश झा (68 वर्ष) ने दुर्ग कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि विगत 6 जुलाई को सुबह साढ़े 11 बजे वो अपनी सफेद स्कूटर क्रमांक सीजी 07 एयू 8296 पटेल चौक के पास बीएसएनएल आफिस के अंदर पार्किंग स्टैण्ड में खड़ी कर काम से जिला न्यायायल दुर्ग गए। शाम करीब साढ़े 5 बजे न्यायालय का काम खत्म कर वापस बीएसएनएल आफिस के अंदर पार्किंग स्टेण्ड में जाकर देखा तो वाहन कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। आस पास बस स्टैण्ड, रेल्वे स्टेशन में पता तलाश करने पर भी जब स्कूटर नहीं मिली तो उन्होंने एफआईआर दर्ज करवाई है। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।