दुर्ग
एसी ने कहा- विभाग को हैंडओवर नहीं हुआ, जांच होगी
संतोष मिश्रा
भिलाई नगर, 11 जुलाई (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों की लागत से बन रहे अजा बालक छात्रावास की दरार भरी दीवारें और जगह जगह लीपापोती इसे अभी से विवादों में ला चुकी है।
वर्ष 2020-21 से 18 महीने की तय समयावधि के बावजूद 3 साल बाद भी यह हॉस्टल विभाग को हैंडओवर नहीं हो पाया है और इसकी दीवारें कई जगह दरक रहीं हैं, कहीं कहीं कमजोर फाउंडेशन भी गड़बड़ी की दास्तान बयां करने लगा है नतीजतन लीपापोती कर इसके अपडेट दिखने के प्रयास भी होने लगे हैं।
ज्ञात हो कि वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के जुनवानी में निर्माणाधीन पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास लगभग 2 करोड़ की लागत से अरिहंत कंस्ट्रक्शन के द्वारा बनाया जा रहा है। कांग्रेस की भूपेश सरकार में इसका काम शुरू जरूर हुआ मगर तय समय-सीमा में हॉस्टल नहीं बन पाया।
अब राज्य में सरकार बदली तो जैसे तैसे इसे जल्द पूरा करने के प्रयास में लीपापोती भी इसलिए होने लगी क्योंकि इसकी दीवारें जगह-जगह दरार दिखाने लगी हैं। हैंडओवर पूर्व कोई कमी दिखाई न दे जाए, इसलिए सृजनकर्ता अपनी सृजनशीलता के बखूबी प्रदर्शन में जुट गए हैं।
गौरतलब हो कि छत्तीसगढ़ के वीआईपी जिला दुर्ग के जुनवानी स्थित डीपीएस स्कूल के समीप ही अरिहंत कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार के द्वारा आदिवासी छात्र-छात्राओं के लिए 1 करोड़ 90 लाख की लागत से यह हॉस्टल लंबे समय से तैयार हो रहा है। अभी से ही दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आने लगी हैं जिसे लीपापोती कर सुधारा जा रहा है। भवन के फाउंडेशन की मजबूती भी कहीं कहीं अपनी कमजोरी दिखा रही है। निर्माण कार्य स्थल के सामने न ही सूचना पटल लगाया गया है और न ही लैंड मार्क दिखाई पड़ा।
इस संबंध में आदिम जाति कल्याण विभाग दुर्ग के असिस्टेंट कमिश्नर हेमंत सिंन्हा ने कहा कि छात्रावास भवन को अभी तक ठेकेदार से विभाग को हैंडओवर नहीं हुआ है।
इस भवन को 18 माह में पूर्ण करना था, लेकिन आज दिनांक तक 3 वर्ष हो चुका है। निर्माण कंपनी ने अगर गुणवत्ता के मापदंड अनुरूप कार्य नहीं किया है तो इस मामले की जांच कर जल्द से जल्द ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।