दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 9 जुलाई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला उतई में शुक्रवार को किया गया। कार्यक्रम में कक्षा पहली, छठवीं और नवमीं में नवप्रवेशी बच्चों का सम्मान कर नि: शुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण, प्रतिभाशाली बच्चों व शिक्षकों का सम्मान, स्कूल में वृक्षारोपण हेतु पौधा वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल थे। अध्यक्षता दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर ने की।
विशिष्ट अतिथि अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा यादव, जनपद अध्यक्ष देवेन्द्र देशमुख, जनपद उपाध्यक्ष झमित गायकवाड़, जिला पंचायत सभापति योगिता चन्द्राकर, उतई नगर पंचायत अध्यक्ष डिकेन्द्र हिरवानी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष रविन्द्र वर्मा, पार्षद सरस्वती साहू, एसडीएम मुकेश रावटे, संयुक्त संचालक आरएल ठाकुर, डीईओ अरविन्द मिश्रा थे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। पश्चात सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। बीईओ गोविन्द साव ने स्वागत भाषण में वार्षिक शैक्षणिक गतिविधियों के साथ ही उल्लास नवभारत साक्षरता, एक पेड़ मां के नाम तथा नौनिहालों का शाला प्रवेश उत्सव की महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में अतिथियों ने कक्षा पहली, छटवीं व नवमी के नवप्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर तथा गणवेश व पाठ्यपुस्तक वितरण कर स्वागत किया गया। शिक्षा व खेल के क्षेत्र में प्रतिभावान छात्राओ को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि स्कूल जाने योग्य सभी बच्चों को स्कूलों में दाखिला कराने समाज के हर व्यक्ति को सहयोग करना चाहिए। यह हम सब का दायित्व है कि हमारे आसपास में कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न हो। शिक्षा बच्चों का अधिकार है। उन्हें उनका यह अधिकार मिलना ही चाहिए। इसमें सामाजिक भागीदारी का विशेष महत्व है। इस दौरान प्राथमिक शाला उतई के सेवानिवृत्त प्रधान पाठक मुरली लाल ध्रुव को शाल श्रीफल भेटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मनीष साहू, पोषण मारकंडे एवं हुनूराम साहू ने किया।