दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 जुलाई। शिक्षक (एल.बी.) संवर्ग की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन दुर्ग इकाई ने अरविन्द मिश्रा जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग से सौजन्य मुलाकात की।
संगठन के पदाधिकारियों ने प्रमुख रूप से प्राथमिक शाला प्रधान पाठक पद पर सहायक शिक्षक (एल.बी.) की पदोन्नति उपरांत काउंिसलिंग के माध्यम से पदस्थापना की कार्यवाही किए जाने की मांग उठाई। संघ ने शीघ्र ही पदोन्नति आदेश जारी कर पदस्थापना आदेश जारी करने का निवेदन भी किया। शाला संचालन का समय हाई स्कूल एवं हायर सेकण्डरी स्कूल में शनिवार को समय सुबह 7.30 से 11.30 लगाने हेतु आदेश प्रसारित करने निवेदन किया गया। इनका कहना था कि कुछ शालाओं में अभी भी शाला संचालन में एकरूपता नहीं है। इस संबंध में स्कूलों के लिए आदेश जारी किया जाए।
चर्चा के दौरान युक्तियुक्तकरण के संबंध जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि कोई भी शिक्षक चिंतित न हो। शासन से अभी तक किसी भी प्रकार से मार्गदर्शन नहीं प्राप्त हुआ है।
वायरल सूची पुरानी है। इसे अपडेट किया जा रहा है। भविष्य में शासन स्तर पर किसी प्रकार का आदेश प्रसारित हो, उसके लिए शिक्षा विभाग तैयार रहे। जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग से मुलाकात करने वालों में शत्रुघन साहू (जिलाध्यक्ष दुर्ग), किशन देशमुख (ब्लाक अध्यक्ष), ओमप्रकाश पाण्डेय, कमल वैष्णव, जयंत यादव, महेश चन्द्राकर, राजेश चन्द्राकर, विरेन्द्र वर्मा, संजय चन्द्राकर, कमल वैष्णव, मंसाराम लहरे, रोहित देशमुख, लालाराम साहू, तामेश्वर साहू, चंद्रहास साहू, किरण तिवारी, चंपा नानक, पांच राम देवांगन, खिलेश्वई देशमुख उपस्थित थे।
विकासखण्ड दुर्ग में कार्यरत समस्त कर्मचारियों का सर्विस बुक संधारण एवं जीपीएफ पासबुक का अविलंब संधारण के संबंध में संघ ने बताया कि डीईओ के आदेश का पालन दुर्ग कार्यालय ने पूरी तरह नहीं किया है, कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग के आदेशानुसार समस्त शिक्षकों की सेवापुस्तिका का संधारण, जीपीएफ पास बुक का संधारण किए जाने का निर्देश दिया गया था। शिक्षकों ने बताया कि अवलोकन मात्र दिखावे के लिए था। सेवापुस्तिका में विगत तीन से चार वर्षों से किसी अधिकारी का हस्ताक्षर नहीं है। पदोन्नति प्राप्त करने वाले शिक्षकों का वेतन निर्धारण अंकित नहीं है, न ही सेवापुस्तिका का आडिट हुआ है।