दुर्ग

मछली विभाग प्रक्षेत्र में लगे पौधों को नुकसान पहुंचाने की शिकायत
03-Jun-2024 3:12 PM
मछली विभाग प्रक्षेत्र में लगे पौधों को नुकसान पहुंचाने की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 3 जून। शहर के मछली विभाग प्रक्षेत्र में मार्निंग वाक करने वाले पर्यावरण प्रेमियों ने स्व प्रेरणा से पौधे रोपे थे, जहां उनके द्वारा लगाए गए पौधों को विभागीय अधिकारी द्वारा नुकसान पहुंचाने की इन पर्यावरण प्रेमियों ने शिकायत की है। पेड़ को नुकसान पहुंचाए जाने पर आहत पर्यावरण प्रेमियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।

शिकायत कर्ताओं में किशोर साहू, अजीत गुप्ता डीपी दिल्लीवार, पार्षद भोला महोबिया आदि ने बताया कि वे लोग विगत तेरह वर्षों से पर्यावरण की दिशा में काम करते आ रहे हैं। इनमें मार्निंग वाक ग्रुप, योगा ग्रुप, मुस्कान, हरिओम सहित अनेक समूह सक्रिय है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के लोग जुड़े हुए हैं। उनके द्वारा मछली विभाग दुर्ग प्रक्षेत्र में नीम, आंवला, आम, करंज आदि विभिन्न प्रजातियों के 60 पौधे लगाए थे इनकी सुरक्षा के लिए उन्होंने ट्री गार्ड भी लगाया था इसे वर्ष में दो बार विभाग के उपसंचालक द्वारा नुकसान पहुंचाया गया है। अभी एक सप्ताह पूर्व जेसीबी लगाकर इन पौधों एवं ट्री गार्ड को नुकसान पहुंचाया गया है। शिकायतकर्ताओं ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि नगर निगम दुर्ग सहयोग करते हुए इन पौधों में गर्मी में एक दिन की आड़ में पानी डलवाया जा रहा है, वहीं समूह के सदस्य भी इसकी देखरेख करते हुए पानी डालने का कार्य किया जाता है। उन्होंने विभाग द्वारा उक्त पौधों को नष्ट किए जाने के मामले में जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

वहीं मामले में उपसंचालक सीमा चंद्रवंशी से इस संबंध चर्चा करने पर उन्होंने कहा कि कहीं पौधों एवं ट्री गार्ड को नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। प्रक्षेत्र क्षेत्र को सीज करने हर साल कार्य चलता है। इसी के तहत सिर्फ प्रक्षेत्र के तालाब के झाडिय़ों को ही साफ किया गया है।


अन्य पोस्ट