दुर्ग
दुर्ग, 2 जून । दुकान से नाश्ता खरीद कर घर जा रहे एक व्यक्ति की जुपिटर वाहन को एक्टिवा चालक ने टक्कर मार दी। इससे उस व्यक्ति को चोटे आई और उसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। एक्टिवा चालक के खिलाफ पुलिस ने धारा 279, 337 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया है।
कोतवाली भिलाई पुलिस के मुताबिक प्रार्थी शिवकुमार निवासी सडक़ 25 सेक्टर 7 परिवार सहित रहता है। उसका खुद का व्यवसाय है। 24 मई को उसके पिता शाम लगभग 5 बजे अपनी टीवीएस जूपिटर वाहन क्रमांक सीजी 07 बी वाई 6259 से सेक्टर 6 ई मार्केट गए हुए थे। वह महाराणा प्रताप भवन के पास स्थित होटल से नाश्ता खरीद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दूसरी ओर से आ रही एक्टिवा क्रमांक सीजी 07 बी डब्लू 1650 के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए प्रार्थी के पिता की जुपिटर वाहन को टक्कर मार दी। इससे प्रार्थी के पिता के सिर ,चेहरे आदि में चोटे आई। बीएसएफ के जवानों ने उन्हें तुरंत सेक्टर 9 अस्पताल भिजवाया, जहां उनका भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।