दुर्ग

73 फीसदी विभिन्न प्रकार के बीज की पूर्ति
31-May-2024 2:21 PM
73 फीसदी विभिन्न प्रकार के बीज की पूर्ति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 31 मई। गत वर्ष की तुलना में खरीफ वर्ष 2024 के लिए 73 प्रतिशत विभिन्न प्रकार के बीज की पूर्ति हो चुकी है। जिले में खरीफ 2024 में  29321 क्विंटल बीज की मांग है जिसके विरुद्ध बीज निगम में कुल 26700 क्विंटल बीज उपलब्ध है। इनमें रुआबांधा प्रक्रिया केन्द्र में 5563 क्विंटल बीज शेष है। वहीं 21136 क्विंटल बीज की आपूर्ति प्रक्रिया केन्द्र से नगद एवं समितियों में की जा चुकी है, जबकि गत खरीफ वर्ष 2023 में कुल 28876 क्विंटल बीज की पूर्ति की गई थी।

 जानकारी अनुसार जिले इस बार खरीफ में 28700 क्विंटल धान बीज की मांग है। इसके विरुद्ध शुद्ध उपलब्धता 26578 क्विंटल है। वहीं समितियों में 20844 क्विंटल का भण्डारण किया जा चुका है। नहीं प्रक्रिया केन्द्र से 208 क्विंटल धान बीज का नगद वितरण किया जा चुका एवं रुआबांधा प्रक्रिया केन्द्र में 5525 क्विंटल धान बीज शेष है।

सोयाबीन का अब तक समितियों में भण्डारण नहीं

जिले इस बार खरीफ में 500 क्विंटल सोयाबीन बीज की मांग है। बीज निगम का दावा है कि वर्तमान में 36 क्विंटल सोयाबीन बीज उपलब्ध है, मगर समितियों में इसका अब तक भण्डारण नहीं हो पाया है। इसी प्रकार अरहर बीज की 25 क्विंटल मांग है, जो अब तक उपलब्ध नहीं हो पाया है। बीज प्रबंधक एस के बेहरा का कहना है अरहर की 75 क्विंटल बीज बेमेतरा जिले से मंगाया गया है।

इसी प्रकार 30 क्विंटल उड़द बीज की मांग है, मगर उपलब्धता 2.4 क्विंटल की है। मूंग एवं तिल का बीज उपलब्ध ही नहीं है। वहीं सन बीज की मांग 50 क्विंटल की है जिसके विरुद्ध 83 क्विंटल बीज उपलब्ध है। इनमें समितियों में 74 क्विंटल का भण्डारण किया जा चुका है। साथ ही 9.20 क्विंटल सन बीज का प्रक्रिया केन्द्र से नगद वितरण हो चुका है।


अन्य पोस्ट