दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 मई। भिलाई तीन थाना की सीएसईबी कॉलोनी में कुछ आदतन अपराधियों ने एक 16 साल के लडक़े को कमरे में बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा है। इस पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में लग गई है।
जानकारी मिली है कि वायरल वीडियो में कुछ युवक एक नाबालिग को कमरे में बंद कर पीट रहे हैं और वह अपनी जान की दुहाई मांगता दिखाई दे रहा है। यह घटना गांजा को लेकर हुए लेन-देन की बताई जा रही है।
लोगों ने शिकायत में कहा है कि भिलाई तीन की सीएसईबी कॉलोनी इस समय नशाखोरों का अड्डा बन चुकी है। यहां कुछ लडक़े मकान में कब्जा करके रहते हैं और वहां बड़ी मात्रा में गांजा व अन्य मादक पदार्थ रखकर उसे बेचने का काम करते हैं।
वायरल वीडियो के आधार पर लोगों ने पुलिस को जानकारी दी है कि नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों ने एक लडक़े को इसलिए बंधक बनाकर मारा क्योंकि उसने उनकी मुखबिरी दुर्ग क्राइम की टीम से की थी। जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें एक कमरे के अंदर युवक को बंधक बनाकर रखा गया है। कमरे में तीन से चार लडक़े बैठे हैं। एक लडक़ा नीचे बिछे गद्दे पर लेटा है और उसके बगल से नाबालिग बैठा है। नीचे लेटा हुआ लडक़ा नाबालिग को बुरी तरह पीट रहा है। इसके बाद एक सफेद टी-शर्ट पहने युवक ने नाबालिग को बुरी तरह पीटा। इस सफेद टी-शर्ट पहने युवक की पहचान आयुष के रूप में की जा रही है।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि आयुष अपने दोस्तों के साथ कॉलोनी में कब्जा करके रहता है और वहां से गांजा बेचने का काम करता है।
वो लोग कॉलोनी के कई खंडहर क्वार्टर में कब्जा किए हैं और वहां गांजा रखते हैं। यदि पुलिस पकड़ती भी है तो गांजा को लावारिस दिखा देती है और आरोपी नहीं पकड़े जाते हैं। कॉलोनी से ही गांजा, शराब सहित अन्य सूखे नशे का कारोबार होने से वहां आपराधिक किस्म के लोगों का काफी जमावड़ा होने लगा है। कॉलोनी के लोगों ने पूर्व में भी पुलिस से शिकायत की थी।
भिलाई तीन थाना प्रभारी ने बताया कि वीडियो में दिखाई देने वाले लडक़े की पहचान आयुष निवासी भिलाई तीन के रूप में हुई है। उसके साथ कैंप के कुछ लडक़े घूमते रहते हैं। आयुष को पहले बाइक चोरी के आरोप में जेल भेजा गया था। वायरल वीडियो के आधार पर उसकी गिरफ्तारी करके कार्रवाई करेंगे, मामले में पुलिस तफ्तीश जारी है।