दुर्ग
खेल व युवा कल्याण व नवीन खो-खो क्लब द्वारा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 मई। खेलगांव पुरई में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को तराशे जा रहे हैं। ग्राम में इन दिनों खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा नवीन खो-खो क्लब द्वारा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण का आयोजन चल रहा है। इसमें आसपास क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक ग्रामों के 80 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
वैसे तो ग्राम में नवीन खो-खो क्लब के मुख्य कोच मोतीलाल साहू के मार्गदर्शन में विगत 25 साल से यहां साल भर खेल प्रतिभाओं को निखारने का कार्य चलता आ रहा है, मगर 15 अप्रैल से यहां खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से विशेष ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। इसमें एथलेटिक्स एवं खो-खो खेल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें ग्राम पुरई के अलावा खोपली, करगाडीह, उतई, खम्हरिया, पाऊवारा, नेवई, उमरपोटी आदि ग्रामों के खिलाड़ी खेल में दक्षता हासिल कर रहे हैं।
प्रतिदिन सुबह 5.30 से 7.30 एवं शाम को भी 5.30 से 7.30 बजे तक प्रशिक्षक मोतीलाल साहू, उमेश निर्मलकर, सनत साहू, योगेन्द्र निर्मलकर एवं एनआईएस कोच केसरीनंदन साहू द्वारा प्रशिक्षण देकर खेल के तकनीकी बारीकियों के बारे में बताया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 15 जून तक चलेगा। प्रशिक्षण में शामिल खिलाडिय़ों को नवीन खो-खो क्लब द्वारा प्रतिदिन डाइट के रूप में गुड़ एवं चना का भी वितरण किया जाता है। साथ ही प्रति रविवार बौद्धिक विकास एवं योगाभ्यास भी कराए जाते हैं ताकि खिलाडिय़ों का सर्वांगीण विकास हो सके।
नवीन खो-खो क्लब द्वारा वर्ष 1999 से खिलाडिय़ों को तराशे जा रहे हैं। तब से अब तक क्लब के लगभग दो सौ खिलाड़ी राष्ट्रीय खेलों में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 5 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मैच में भी भाग ले चुके हैं। वहीं क्लब के लगभग आधा सैकड़ा खिलाडिय़ों ने खेल की बदौलत सेना, पुलिस, व्यायाम शिक्षक आदि की नौकरी हासिल की है। इस साल भी अब तक क्लब के 40 खिलाड़ी राष्ट्रीय खेलों में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।