दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 मई। नारी शक्ति से जल शक्ति के लिए गांवों में इन दिनों पंचायत विभाग के माध्यम से मुहिम चल रही है। इसमें जल जीवन मिशन के तहत गांवों में जल संचय के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अभियान के तहत दुर्ग जनपद क्षेत्र के ग्राम पुरई एवं रिसामा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीण महिलाओं एवं बच्चों ने रंगोली एवं पेंटिंग के माध्यम से जल संरक्षण को लेकर संदेश दिए।
कार्यक्रम स्थल पर जल संरक्षण का संदेश देते हुए बनाए गए आकर्षक पेंटिंग एवं रंगोली लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहा। इस कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं ने बढ़ चढक़र भागीदारी दी, जिन्होंने ग्रामीणों को बरसाती पानी का संचय करने, पानी को ब्यर्थ बहने से रोकने, तालाबों एवं चेकडेम बनाकर जल संवर्धन हेतु जागरूक करने ग्राम में रैली निकाली साथ ही जल शपथ लेकर जल संचय करने संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारियों ने जल के महत्व एवं जल संरक्षण के लिए किए जाने वाले उपायों को लेकर ग्रामीणों को विस्तार पूर्वक जानकारी दी साथ प्रत्येक नागरिक को इसे अपना कर्तव्य समझकर अपनी भागीदारी देने अपील की भारी गर्मी के बावजूद ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति देकर जल संचय के लिए जागरुकता का परिचय दिया।