दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 18 मई। दुर्ग जिले के भिलाई पावर हाउस स्थित सुभाष नगर में रात को देवर ने पहले तो भाभी के साथ गाली-गलौज की और आधी रात शराब के नशे में बड़े भाई की बाईक में आग लगा दी। शुक्रवार को बड़े भाई की रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने आरोपी के अपराध पंजीबद्ध कर जांच कर रही है।
छावनी थाना एएसआई अशोक यादव ने बताया कि सुभाष नगर भिलाई निवासी अनिल बघेल (30 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसका छोटा भाई सुनील (27 वर्ष) गुरुवार रात करीब 9 बजे शराब पीकर घर लौटा और अनिल की पत्नी से गाली-गलौज कर झगड़ा करने लगा। उसे समझाईश देकर अनिल ने चुप करवा दिया।
सुनील फिर और शराब पीकर लौटा तथा रात 12 बजे के बाद उसने घर के सामने रखी अनिल की पल्सर बाईक क्रमांक सीजी 07 बीवी 1963 को आग लगाकर जला दिया और अनिल को जान से मारने की धमकी दी।
शुक्रवार को बड़े भाई की रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने आरोपी सुनील बघेल के खिलाफ धारा 294, 506 और 435 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।