दुर्ग
काम शुरू कराने के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 मई। बार-बार पेयजल संकट से त्रस्त ग्राम नगपुरा के ग्रामीणों द्वारा चक्काजाम करने के बाद प्रशासनिक अमला अचानक जाग गया पेयजल संकट को लेकर बिफरे नगपुरावासियों ने ग्राम के बस स्टैण्ड में गुण्डी एवं बाल्टी लेकर चक्काजाम कर दिया तब मौके पर पहुंचकर अधिकारियों ने ग्रामीणों के समस्या की सुध ली आंदोलन स्थल पर पहुंचे नायब तहसीलदार, पीएचई एवं एडीबी के अधिकारियों की टीम ने तत्काल काम शुरू कराकर पेयजल व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया तब ग्रामीणों ने आंदोलन स्थगित किया।
पेयजल समस्या को लेकर तीसरी बार करना पड़ा चक्काजाम
ज्ञात हो कि सप्ताह भर पूर्व एडीबी सडक़ निर्माण के साथ नाली निर्माण को लेकर खुदाई के दौरान तीसरी बार पाइप लाइन को तोड़ दिया गया इसकी ग्राम के सरपंच ने तत्काल पीएचई एवं एडीबी की अधिकारी को दी तो उन्होंने अपना पल्ला झाड़ते हुए एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराते हुए मामले को गंभीरता से नहीं लिया वहीं प्रशासनिक अधिकारियों को फोन करने पर भी रिसिव नहीं किया अंतत: सरपंच एवं ग्रामीणों ने मामले में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा तब भी जिम्मेदार अधिकारियों ने भीषण गर्मी के बीच गांव पेयजल को लेकर मची हाहाकार को गंभीरता से नहीं लिया जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह साढ़े दस बजे चक्काजाम कर दिया इसके पहले साल भर पूर्व भी पाइप लाइन क्षति ग्रस्त होने से कई दिनों तक पानी सप्लाई बंद रहा तब भी ग्रामीणों को चक्का जाम करना पड़ा था, वहीं दो माह पहले भी पाइप लाइन फूटने पर इसका संधारण नहीं करने पर दूसरी बार चक्का जाम किए तब जाकर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त किया गया।
शुक्रवार को तीसरी बार ग्राम में पेयजल समस्या को लेकर चक्का जाम की खबर के बाद नायब तहसीलदार सौरभ चौरसिया, एडीबी के श्याम साहू एवं पीएचई के सब इंजीनियर सवा ग्यारह बजे आंदोलन स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों को उन्होंने समझाइश देते आंदोलन समाप्त करने कहा मगर ग्रामीणों ने सवाल उठाते कहा कि बार-बार ऐसी स्थिति क्यों बन रही है। इसका तत्काल समाधान हो तब उन्होंने आज ही टीम लगाकर काम चालू करने आश्वासन दिया।
इस दौरान सरपंच भूपेन्द्र रिगरी, जनपद सदस्य सरस्वती सेन, नंद कुमार सेन, बलराम कौशिक, शंकर चौहान, संदीप जैन, मन्नू यादव, सुरेश पाण्डेय, बहुरी देशमुख, जुगत साहू रेणुका धनकर सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामिण मौजूद थे।
सप्ताह भर बाद पेयजल व्यवस्था हुई बहाल
सरपंच भूपेन्द्र रिगरी ने बताया कि आंदोलन के बाद टीम लगाकर टूटी हुई पाइप लाइन का संधारण कर टंकी में पानी डाला गया साथ ही शाम 4 बजे से सीधे पानी सप्लाई चालू किया गया। फिलहाल सिंगल पाइप लाइन डालकर पेयजल व्यवस्था बहाल की गई है।
एडीबी एवं पीएचई के अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि दोनों विभाग की निगरानी नाली निर्माण के आगे का कार्य किया जाएगा।