दुर्ग
दुर्ग, 17 मई। मामूली बात पर एक आरोपी ने खेत में काम कर रही महिला के साथ मारपीट की। पीडि़ता की शिकायत पर उतई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम परसाही थाना उतई निवासी मिलापा बाई ने शिकायत दर्ज कराई कि वह खेती किसानी का काम करती है। 10 मई की शाम को 4 बजे वह अपने खेत कानाकोट खार परसाही में खेती किसानी के काम में गई हुई थी। शाम लगभग 6 बजे गांव का ही आरोपी रामेश्वर साहू पिता विष्णु साहू अपने खेत में काम कर रहा था जो माचिस मांग कर अपने खेत में वापस चला गया।
इसके बाद वापस काम करने के बाद पीडि़ता के पास आया और माचिस को वापस किया। थोड़ी देर बाद फिर आरोपी रामेश्वर साहू वापस खेत में पीडि़ता के पास आया और कहा कि मुझे मेरा आधार कार्ड नहीं मिल रहा है। तुम रखे हो यह कहकर आरोपी गाली गलौज करने लगा। जब पीडि़ता ने मना किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर हाथ मुक्के से मारपीट की। इससे प्रार्थिया के हाथ, मुंह, कान आदि में चोटे आई।