दुर्ग

भगवान को मनाने युवक ने काटी जीभ
09-May-2024 3:45 PM
भगवान को मनाने युवक ने काटी जीभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 9 मई। अंजोरा थाना अंतर्गत  एक अजीब मामला सामने आया, जहां गांव के ही एक युवक ने भगवान भोलेनाथ को मनाने के लिए अपनी जीभ को काट डाला। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने 108 वाहन की मदद से उसे जिला शासकीय अस्पताल पहुंचाया।

दुर्ग के ग्राम थनोद में बुधवार की सुबह गांव के ही रहने वाले एक युवक राजेश्वर निषाद ने थनोद के तालाब किनारे बैठकर भगवान भोलेनाथ को मनाने के लिए अपनी जीभ को चाकू से काट डाला। इसके बाद युवक काफी देर तक एक ही जगह पर बैठा रहा। उसे बैठा देख गांव वालों ने उसे पूछताछ की तब उन्हें इस घटना की जानकारी मिली। युवक ने इशारे से लोगों को बताया कि उसने भोलेनाथ को मनाने के लिए अपनी जीभ दान कर दी है। लोगों ने इस घटना की सूचना अंजोरा पुलिस को दी, वहीं

मौके पर पहुंची अंजोरा पुलिस
ने 112 पुलिस की मदद से 108 के द्वारा घायल युवक को इलाज के लिए दुर्ग के जिला अस्पताल पहुंचाया। 
इस घटना के बारे में उसके बड़े भाई जागेश्वर निषाद ने बताया कि वो भी इस घटना से अनजान था। जब गांव वालों ने उसे जानकारी दी तब उसे इस घटना के बारे में पता चला। जागेश्वर निषाद ने बताया कि  हर रोज ये नहाने के लिए तालाब आया करता था। 
आज नहाने आने से पूर्व उसने अपने साथ चाकू भी लेकर आया हुआ था। चाकू से उसने अपनी जीभ काट डाला जिसका कारण कुछ पता नहीं है। पीडि़त युवक का दुर्ग के जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है वहीं अंजोरा पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।
 

 


अन्य पोस्ट