दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 मार्च। जिले में 78 हजार 389हितग्राहियों ने अब तक राशनकार्ड नवीनी करण के लिए आवेदन नहीं किया है। इसकी वजह एक फिर नवीनीकरण के लिए आवेदन करने की समय सीमा बढ़ा दी गई है अब शेष बचे हितग्राही 30 अप्रैल तक राशन कार्ड नवीनीकरण के लिए आवेदन कर सकते है।
ज्ञात हो कि जिले में 4 लाख 74 हजार 67 प्रचलित राशनकार्ड है। इनमें 3 लाख 26 हजार 796 हितग्राहियों द्वारा राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए आवेदन किया जा चुका है एवं 68 हजार 882 एफपीएस द्वारा आवेदन किए गए है। इस प्रकार जिले में अब तक राशन कार्ड नवीनीकरण के लिए कुल 3 लाख 95 हजार 678 आवेदन प्राप्त हो चुके है, जो कुल प्रचलित राशनकार्डों का 83.46 प्रतिशत है।
राशन कार्ड नवीनीकरण के मामले में दुर्ग सहित रायपुर, बिलासपुर, कोरबा जैसे ज्यादा शहरी जनसंख्या वाले जिले काफी पीछे है जबकि राशनकार्ड नवीनीकरण के मामले में सुकमा , नारायणपुर, बीजपुर, कांकेर क्षेत्र अग्रणी है। सुकमा में 99.05 प्रतिशत हितग्राही राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए आवेदन कर चुके है।
दुर्ग जिले नवीनीकरण के लिए प्राप्त कुल आवेदनों में से 3 लाख 90 हजार 903 राशनकार्डों का पीडीएफ प्रिंट हो चुका है। वहीं लोकसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू होने के बाद नवीनीकृत राशन कार्डों का वितरण रोक दिया गया है। जिले में आवेदन के लिए शेष बचे हितग्राहियों में ज्यादातर एपीएल राशनकार्ड धारी है। पूर्व राशन कार्ड नवीनीकरण की तिथि 15 मार्च तक बढ़ाई गई थी इस दौरान भी एपीएल राशनकार्डधारी हितग्राहियों ने आवेदन करने में रुचि नहीं दिखाई।