दुर्ग

जल जीवन मिशन का कार्य ठप
20-Mar-2024 4:03 PM
जल जीवन मिशन का कार्य ठप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 20  मार्च। ग्राम नगपुरा में पेयजल की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। पाइप लाइन वाले हिस्सा को खोदकर क्षतिग्रस्त कर देने के कारण दस दिनों से नल में पानी नहीं आ रहा इसकी वजह से जल जीवन मिशन का कार्य ठप हो गया है। पेयजल समस्या को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मामले में ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन सौंपने वालों में शामिल ग्राम के पूर्व पंच बलराम कौशिक का कहना है कि ए.डी.बी. प्रोजेक्ट के तहत सडक़ चौड़ी करण, नाली निर्माण कार्य किया जा रहा है। उसी सडक़ किनारे नल का पाइप लाइन बिछा हुआ है। निर्माणिकर्ता ठेकेदार द्वारा बिना व्यवस्था किये पाइप लाइन वाले हिस्से में दस दिन पूर्व खुदाई इसे तोड़ फोड़ दिया गया है। इसके कारण पंप हाऊस से टंकी में पानी नहीं जा पा रहा, जिसकी वजह से नगपुरा के नलों में पानी नहीं आ पा रहा है। जिम्मेदार समस्या को नहीं ले रहे गंभीरता से उनका कहना कि ग्राम में इसकी वजह से निर्मित गंभीर पेयजल संकट को पी.एच.ई. विभाग एवं सडक़ निर्माण कर रहे ठेकेदार गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। जिसके कारण ग्राम नगपुरा में पीने की पानी की भीषण समस्या खड़ी हो गई। ग्राम पंचायत में एक पानी टैक्कर है, इससे हर मोहल्ले में पानी पहुंचाया जा रहा है। उसी प्रकार जल जीवन मिशन के तहत ग्राम नगपुरा में पानी टंकी का निर्माण किया गया है, किन्तु न ही उसका पाइप लाइन बिछा है न ही उस टंकी में पानी है। जगह-जगह गली में गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि गत वर्ष भी सडक़ किनारे की पाइप लाइन को खोदकर क्षति ग्रस्त कर दिया गया था, जिसकी वजह से निर्मित पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने सडक़ में उतरकर चक्का जाम कर दिया था तब जैसे तैसे पाइप लाइन को जोडक़र व्यवस्था दुरुस्त किया गया था। श्री कौशिक ने वर्षों बाद सडक़ व नाली निर्माण पूरा नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाया।

टैंकर पहुंचते ही पानी लेने मच जाता है भगदड़

ग्रामीणों के अनुसार ग्राम किसी भी मोहल्ले में टैंकर पहुंचता है तो वहां लोग पेयजल के लिए टूट पड़ते है इससे भगदड़ की स्थिति रहती है। ग्रामीणों ने मांग किया है कि नगपुरा में पंप हाउस से पानी टंकी तक तत्काल नया पाइप लाइन कार्य किया जाए। जिससे पानी टंकी में पानी पहुंच सके और पीने की पानी की सप्लाई चालू किया जा सके। जल्द इसका समाधान नहीं होने की स्थिति में गर्मी बढऩे के साथ पीने की पानी के लिए मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।


अन्य पोस्ट