दुर्ग

आदिवासी छात्रावास व भवन की बाउंड्रीवॉल से खेतों में जाने का रास्ता बंद, ग्रामीण नाराज
20-Mar-2024 3:43 PM
आदिवासी छात्रावास व भवन की बाउंड्रीवॉल  से खेतों में जाने का रास्ता बंद, ग्रामीण नाराज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी,20 मार्च।
नगर पालिका परिषद कुम्हारी के वार्ड क्रमांक 16 ग्राम परसदा में आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा आदिवासी छात्रावास एवं स्कूल भवन का निर्माण कार्य लगभग 5.30 एकड़ भूमि पर किया जा रहा है। उक्त निर्माण से ग्रामीणों को खेत खलियान तक  आने-जाने में असुविधा हो रही है। जिसको लेकर ग्रामवासियों ने विरोध जताया है। 

रविवार को ग्रामीण निर्माण क्षेत्र में इक_ा उक्त निर्माण का विरोध करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि 5.30 एकड़ जमीन में जो भवन का निर्माण किया जा रहा है, वह ठीक है। लेकिन उसके अलावा जो बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया जा रहा है वह खेतों के जाने वाले रास्ते को बंद कर  किया जा रहा है, जिससे किसानों को आने-जाने में असुविधा होगी।

किसानों का कहना है कि बाउंड्रीवॉल में कटौती कर निर्माण किया जाना चाहिए, जिससे खेती किसानी के दिनों में आने-जाने में किसी को भी किसी प्रकार की कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। वहीं ग्रामवासियों का कहना है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कलेक्टर को आवेदन दिया जाएगा जिसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है।

वार्ड पार्षद युजेंद्र साहू ने बताया कि 5.30 एकड़ चिन्हांकित भूमि में आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है, उसके अतिरिक्त भी विभाग द्वारा जमीन को अधिग्रहण किया जा रहा है। इसलिए ग्राम वासियों के द्वारा विरोध किया जा रहा है।

वहीं ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष भुजबल साहू के द्वारा भी शासन से निवेदन किया जा रहा है कि जो निर्माण कार्य किया गया है वह ठीक है और आगे जो निर्माण किया कार्य किया जाना है, उस पर थोड़ा परिवर्तन करें और किसानों को आने-जाने के लिए उचित रास्ता देकर सुविधा प्रदान करें। खेती किसानी के दिनों में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना किसान को न करना पड़े एवं गौ माता के लिए भी चारागाह की व्यवस्था इसी जमीन से की जाती है। उसे भी छोड़  देना चाहिए, ताकि गांव के मवेशी मैदान में आकर चारा खा सके।  यदि विभाग के द्वारा पूरी जगह को बाउंड्री वॉल करके अधिग्रहण कर लिया जाएगा तो मवेशी के लिए भी चारा पानी की व्यवस्था नहीं हो पाएगी।  भुजबल साहू ग्राम विकास समिति अध्यक्ष, रतन साहू, सोनसाय पंथ, भुलऊ पंथ, डेहर साहू, डिकेंद्र साहू,भुनेश्वर साहू टूम्मन साहू , गिरीश साहू, पुरेंद्र साहू, गोविंद साहू, गजाधर साहू, चोवा राम ,मूलचंद, छवि साहू,तुला राम साहू, बिसाहू राम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

जो हो रहा है वह नियम से-एसडीओ 
एसडीओ दुर्ग आदिम जाति कल्याण विभाग रेशम लाल धृतलहरे का कहना है कि जो भी निर्माण कार्य किया जा रहा है, वह नियम के तहत ही की जा रही है। पटवारी के द्वारा जो जगह  चिन्हांकित की गई है व विभाग ने जो जगह आबंटित की गई है उसी पर निर्माण कार्य किया जा रहा  और उसी के मुताबिक ही बाउंड्रीवॉल का भी निर्माण किया जाना है इसमें किसी भी प्रकार की कोई अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण नहीं किया गया है। जो भी भूमि प्रशासन के आदेशानुसार मिली है, उसी पर निर्माण कार्य चल रहा है। 


अन्य पोस्ट