दुर्ग

जलस्तर गिरने से हैण्डपंप भी देने लगे जवाब
16-Mar-2024 2:17 PM
जलस्तर गिरने से हैण्डपंप भी देने लगे जवाब

- निस्तारी तालाबों को भरने जलाशयों से पानी छोडऩे की मांग

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता                             

दुर्ग, 16 मार्च। जिले में तालाबों का जलस्तर गिरने से हैण्डपंप भी अब जवाब देने लगे हैं। इससे पेयजल संकट की स्थिति तो निर्मित हो रही है। वहीं लोगों के समक्ष निस्तारी को लेकर भी समस्या आ रही है जिसके मद्देनजर निस्तारी तालाबों को भरने जलाशयों से पानी छोडऩे की मांग उठने लगी है। गौरतलब है जिले में साढ़े छ: सौ से अधिक निस्तारी तालाबों में हर वर्ष मार्च-अप्रैल में जलाशयों से नहरों में पानी छोडक़र इसे भरा जाता है, ताकि गर्मी में निस्तारी को लेकर समस्या न आए इस वर्ष बढ़ती गर्मी के साथ अभी से ही तेजी से जलस्तर गिरने लगा है। दुर्ग जनपद पंचायत कृषि समिति के सभापति राकेश हिरवानी का कहना है कि उनके ग्राम पाउवारा के तालाबों का जलस्तर काफी कम हो गया है। इससे ग्राम के अधिकांश घरेलू एवं सार्वजनिक बोर का भू जलस्तर भी काफी नीचे चला है। इसकी वजह से बहुत कम पानी आने से पेयजल समस्या की स्थिति निर्मित हो रही है। वहीं तालाबों का जलस्तर कम होने से पानी भी गंदा हो गया है इसके कारण निस्तारी की भी समस्या है। उन्होंने बताया कि उनके ग्राम में 3 निस्तारी तालाबों को नहरों के माध्यम से पानी छोडक़र भरा जाता है। इन तालाबों में पानी भरने के साथ भूजल स्तर बढऩे से ग्राम के बोर भी रिचार्ज हो जाते हैं यदि शीघ्र तालाबों को भरने पानी नहीं छोड़ा जाता है तो पेयजल संकट और ज्यादा गहराने लगेगा।

ग्राम पंचायत करगाडीह सरपंच घनश्याम गजपाल कहना है कि उनके ग्राम के 2 तालाबों में गर्मी के समय पानी भरा जाता है। अधिकांश बोर में पानी कम आ रहा है यदि नहरों से शीघ्र पानी छोड़ा जाता है तो भूजल स्तर बढऩे पर ये रिचार्ज हो जाएंगे। इसी प्रकार ग्राम बोरीडीह निवासी वेदनाराण साहू ने बताया कि उनके ग्राम के जिन दो तालाबों में गर्मी में नहर के माध्यम से पानी भरा जाता है। वह गांव के ऊंचे स्थान में इसमें पानी भरने से हैण्डपंपों का जलस्तर भी बढऩे लगता है। उन्होंने कहा कि तेजी बढ़ती गर्मी को देखते हुए तत्काल जलाशयों निस्तरी तालाबों को भरने पानी छोड़ा जाय।

पानी छोडऩे आ रही मांग - ईई

तांदुला जलसंसाधन विभाग के ईई सुरेश पाण्डेय का कहना है कि निस्तारी तालाबों को भरने नहरों में पानी छोडऩे की मांग आ रही है। होली के आसपास जलाशयों नहरों में निस्तारी तालाबों को करने पानी छोड़ दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट