दुर्ग
स्वच्छाग्राहियों ने किशोरियों को किया जागरूक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 मार्च। कलेक्टर के निर्देश पश्चात स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर जिले में जोर दिया जा रहा है जिसके तहत ग्राम असोगा एवं पचपेड़ी में सरस्वती स्व-सहायता समूह की डिडगा पाटन द्वारा स्कूली किशोरी बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के संबंध में जागरूक करने हेतु डेमास्ट्रेशन क्लास लगाई गई।
समूह की अध्यक्ष गायत्री यादव, सचिव यमिता पटेल के द्वारा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला असोगा के प्रधान-पाठक से महावारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर बच्चों को जागरूक करने के विषय में चर्चा करते हुए कक्षा में जाकर बातचीत करने हेतु अनुमति मांगी। प्रधान-पाठक द्वारा इस विषय में जागरूकता होने की बात करते हुए सहमति प्रदान की। समूह की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं अन्य सदस्यों द्वारा किशोरी बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता के बारे में जानकारी देते हुए जिन किशोरी बालिकाओं में माहवारी का क्रम प्रारंभ नहीं हुआ है, उन्हें आने वाले इस प्राकृतिक शरीरिक बदलाव के पूर्व ही समस्त जानकारी देते हुए बच्चों को नहीं डरने एवं घबराने की बात कहते हुए सबसे पहले अपने माता को सूचित करने की जानकारी दी गई एवं जिन किशोरी बालिकाओं को माहवारी का क्रम प्रारंभ हो चुका है, उन्हें सुरक्षित सेनेटरी पैड के उपयोग करने एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के संबंध में बताया गया।
सेनेटरी पैड उपयोग करने के गलत एवं सही तरीके की जानकारी दी गई एवं डेमोस्ट्रेशन करके बताया गया। रायपुर से पहुंची ऋतु वर्मा द्वारा स्वच्छाग्राहियों को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। इन स्वच्छाग्राही स्व-सहायता समूह द्वारा ग्राम स्तर पर किशोरी बालिका एवं महिलाओं को एम.एच.एम. की जानकारी दी जा रही है एवं ग्राम स्तर पर न्यूनतम दरों पर अच्छी गुणवत्ता वाले सेनेटरी पैड भी उपलब्ध कराये जा रहे हैं। इनके द्वारा आस पास के ग्राम की शालाओं में जाकर समस्त कक्षाओं की किशोरी बालिकाओं को इस विषय पर जागरूक किया जा रहा है।