दुर्ग

आईएमए दुर्ग ने बटोरे 11 अवार्ड
06-Mar-2024 2:41 PM
आईएमए दुर्ग ने बटोरे 11 अवार्ड

सर्वोत्कृष्ट शाखा, अध्यक्ष एवं सचिव दुर्ग भी सर्वश्रेष्ठ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 मार्च।
विगत दिनों बिलासपुर में आयोजित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के प्रांतीय सम्मेलन में दुर्ग को सर्वोत्कृष्ट शाखा एवं सामाजिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट भागीदारी हेतु प्रथम पुरस्कार के साथ सर्वोत्कृष्ट अध्यक्ष का पुरस्कार डॉ. कौशलेंद्र सिंह ठाकुर एवं डॉ.राजीव चंद्राकर को सर्वश्रेष्ठ सचिव का पुरस्कार प्रदान किया गया। दुर्ग शाखा द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जो स्वास्थ्य शिविर लगाए गए एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया तथा अंगदान, रक्तदान हेतु जनमानस में जागरूकता फैलाने के लिए किए गए कार्यों के लिए कम्युनिटी सर्विस एवार्ड से भी पुरस्कृत किया गया।

इस कार्यक्रम में डॉक्टर कौशलेंद्र ठाकुर ,डॉ. राजीव चंद्राकर, डॉ.रवि शुक्ला, डॉ अर्चना चौहान, डॉ.राजेश सिन्हा एवं डॉ.संगीता सिन्हा को उनके कार्यों हेतु अध्यक्ष द्वारा अध्यक्ष सराहनीय पुरस्कार से नवाजा गया।

इस कार्यक्रम में निवृत्त्तमान प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. शरद पाटणकर ने नर्सिंग होम एक्ट  एवं चिकित्सा सुरक्षा अधिनियम को बेहतर तरीके से लागू करने हेतु अपनी मांग शासन के समक्ष रखी। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामलाल जायसवाल, बिलासपुर के विधायक अमर अग्रवाल,धरमलाल कौशिक अटल श्रीवास्तव एवं सुशांत शुक्ला विधायक उपस्थित थे। 

इस अवसर पर लगभग 400 चिकित्सकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज की तथा स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री ने समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया। अध्यक्ष की आसंदी से नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ.विनोद तिवारी ने आईएमए के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा के उन्नयन हेतु आईएमए के सदस्यों द्वारा सेवाएं देने का वादा किया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से आए विभिन्न चिकित्सकों ने अपने-अपने वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अपने अनुभव साझा किए।

दुर्ग के ही डॉ.प्रभात पांडे को 2025 के लिए प्रदेश अध्यक्ष, डॉ.कौशलेंद्र ठाकुर उपाध्यक्ष, डॉ.राजू भैसारे जोनल चेयरमैन, डॉ.शरद पाटणकर और डॉ.अजय गोवर्धन को राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य तथा डॉ राजेश सिन्हा को आईएमए एएमएस का चेयरमैन निर्विरोध चुना गया। आईएमए दुर्ग के सभी सदस्यों ने निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी है।


अन्य पोस्ट