दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 मार्च। राजस्व निरीक्षक विभागीय परीक्षा 2023-24 की उच्च स्तरीय जांच कराये जाने मांग को लेकर राजस्व पटवारी संघ ने सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा।
परीक्षा उपरांत प्रस्तुत आपत्ति पर जांच किए बिना परिणाम की घोषणा किए जाने की बात कहते हुए पटवारियों ने रोष व्यक्त किया है। साथ ही मांग किया है कि छग पीएससी परीक्षा की तरह विभागीय राजस्व निरीक्षक परीक्षा मामले में भी कार्रवाई हो।
ज्ञापन में बताया गया है कि विभागीय राजस्व निरीक्षक परीक्षा 2023-24 को आयोजन 7 जनवरी को किया गया था। इसमें प्रदेश के सभी जिले के पटवारियों ने आवेदन किया तथा परीक्षा भी दिलाया। परंतु परीक्षा उपरांत राजस्व पटवारी संघ के लोगो द्वारा उक्त परीक्षा के संबंध में घोर आपत्तियां प्रस्तुत की गई थी। राजस्व पटवारी संघ ने उच्चस्तरीय जांच कराये जाने संबंध में संज्ञान लेते हुये राज्य शासन को पत्राचार भी किया, परंतु राज्य शासन द्वारा इस पर किसी प्रकार की कार्रवाई न कर राजस्व निरीक्षक परीक्षा का परिणाम 29 फरवरी को घोषित कर दिया। सूची में जिलेवार प्रस्तुत संख्यात्मक जानकारी को उन्होंने संदेहास्पद बताते उन्होंने कहा कि कई जिलों से भारी संख्या में तो कुछ जिलों से केवल नाममात्र का चयन किया गया है जो कहीं न कहीं निष्पक्ष परीक्षा आयोजन में संदेह को जन्म दे रहा है। परीक्षा के पूर्व ही कोण्डागांव के पटवारियों द्वारा भी आपत्तियां प्रस्तुत की गई थी।
उन्होंने कहा कि आचार संहिता के दौरान सभी पटवारी चुनाव कार्य में संलग्न थे और आयुक्त कार्यालय विभागीय परीक्षा के विभिन्न चरणों की तैयारी कर रहा था, इसी दौरान ही पात्र अपात्र सूची जारी कर दावा आपत्ति मंगवाया गया वहीं 2019 बैच के अनेक पटवारियों को परीक्षा से वंचित कर दिया।
वर्तमान मंत्रीमंडल का गठन ही नहीं हुआ था और विभागीय परीक्षा को शासन के संज्ञान में लाए बिना संचालक द्वारा परीक्षा आयोजित करवाया जाना भी कहीं न कहीं निष्पक्ष परीक्षा को संदेहास्पद बना रहा है, इसलिए जिस प्रकार आपने छ0ग0 पीएससी परीक्षा पर संज्ञान लेते हुये कार्यवाही प्रारंभ की है। उसी प्रकार विभागीय राजस्व निरीक्षक परीक्षा पर संज्ञान लेते हुये दोषी अधिकारी कर्मचारी के विरूद्ध कठोर दण्डात्मक कार्यवाही कर योग्य परिक्षार्थियों के साथ न्याय की जाए।