दुर्ग
दुर्ग, 3 मार्च। स्कूटी पर सवार होकर बोरसी से धनोरा जा रहे स्कूटी सवार दो लोगों को कार चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। इससे प्रार्थी एवं उसके दोस्त को चोटे आई। दोस्त को अधिक चोट आने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। प्रार्थी की शिकायत पर पदमनाभपुर थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि महामृत्युंजय मंदिर गली न्यु आदर्श नगर निवासी हिमांशु साहू एक मार्च की रात लगभग 10:30 बजे अपनी एक्टिवा क्रमांक सीजी 07 सी डी 8870 पर अपने दोस्त अभिषेक चौहान को छोडऩे उसके घर धनोरा जा रहा था। बोरसी कॉलोनी में प्रगति मैदान के पास ब्रेजा कार क्रमांक सी जी07 बी एक्स 1015 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को ठोकर मार दी।इससे प्रार्थी के हाथ एवं पीछे बैठे उसके दोस्त अभिषेक के पांव में चोटे आई और उसे अस्पताल ले जाया गया।
उल्लेखनीय है कि प्रगति मैदान के पास बोरसी में यातायात का दबाव बढ़ता जा रहा है। प्रगति मैदान के पास से ही कॉलोनी के भीतर, वैशाली जाने, भिलाई की ओर जाने , धनोरा जाने, दुर्ग सिटी जाने के लिए लोगों की आवाजाही लगे रहती है। प्रगति मैदान के पास कई बार दुर्घटना हो चुकी है परंतु यातायात विभाग द्वारा यहां पर ब्रेकर बनाने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है।इसको लेकर कॉलोनी वासियों ने कई बार शिकायत की है, परंतु प्रशासन एवं यातायात विभाग की उदासीनता का खामियाजा बोरसीवासियों को भुगतना पड़ रहा है।