दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 फरवरी। शहर में लगातार नशीले पदार्थों के साथ आरोपियों को पुलिस पकडक़र उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। पूर्व में पकड़े गए आरोपियों ने नागपुर से ब्राउन शुगर लाना बताया था। इसके बाद से पुलिस ड्रग सप्लायरों पर नजर रखी हुई थी। इसी के तहत कोतवाली थाना दुर्ग को सफलता मिली है। पूरी जानकारी एकत्र करने के बाद कोतवाली थाना की 10 सदस्यीय टीम नागपुर भेज कर ब्राउन शुगर की बड़ी खेप करने वाली आरोपी महिला को पकड़ा है।
पुलिस के मुताबिक महिला चित्रा ठाकुर पति मनोज रांगडाले 36 वर्ष को पुलिस की टीम इतवारी रेलवे स्टेशन व शाद हॉस्पिटल के पास शांति नगर नागपुर से पकड़ा है। नागपुर की रहने वाली यह महिला दुर्ग क्षेत्र में ब्राउन शुगर सप्लाई करती थी। आरोपी चित्रा के पास से पुलिस को एक मोबाइल भी हाथ लगा है।
कोतवाली थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि महिला को पकड़ के लाने के बाद उससे पूछताछ की गई है इससे पूर्व कुछ मामलों में नागपुर से एक महिला द्वारा ड्रग्स सप्लाई किए जाने की जानकारी के बाद कार्रवाई की गई है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।