दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 फरवरी। बटरेल के किसानों ने अपने भूमि की मुआवजा देने मांग की है। सडक़ चौड़ीकरण के दौरान उनकी ये जमीन अधिग्रहित की गई थी। प्रभावित किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनदर्शन में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने बताया कि ग्राम बटरेल धमधा मार्ग में शासन द्वारा सडक़ चौड़ीकरण का कार्य किया गया है, इसमें आधी भूमि किसानों की है। मगर आज दिनांक तक उनकी भूमि की मुआवजा राशि प्रदान नही की गई है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में संबंधित कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया था, किंतु संतोष जनक जवाब प्राप्त नही हुआ। इस पर कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एक और मामले में ग्राम अंजोरा के आवेदक द्वारा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस पाईप लाईन कार्य के दौरान मिलने वाली निर्धारित मुआवजे की बकाया राशि दिलाने की मांग की गई। उन्होंने बताया कि उनके खेत के लगभग 30 फीट चैड़ाई पर खुदाई की गई जिससे उनकी फसल का भी नुकसान हुआ है। मुआवजे की राशि के रूप में उन्हें अब तक एक चौथाई राशि ही मिल पाई है। बकाया राशि दिलवाने के लिए उन्होंने कलेक्टर से गुहार लगाई है। नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड न.ं11 के वार्डवासियों ने आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि पिछले 40 वर्षो से वार्ड 11 में निवास करते हैं। घरों के पीछे 13 वर्ष पहले से नाली का निर्माण किया गया है, जिससे घरों का पानी निस्तारित होता था, परंतु उक्त जमीन मालिक द्वारा नाली को पाटकर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे घरों का पानी निस्तार नहीं हो पा रहा है। नाली का गंदा पानी एक जगह इकठ्ठा हो जाने के कारण वार्डवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी प्रकार तकियापारा निवासी ने स्कूल परिसर से लगे पान ठेला को हटाने आवेदन दिया। तकियापारा वार्ड में प्राथमिक एवं हाईस्कूल का संचालन होता है। स्कूल परिसर से कुछ दूरी पर ही पान ठेला संचालित है। पान ठेले में सिगरेट, तम्बाकू खाने वाले असामाजिक तत्वों का जमावाड़ा लगा रहता है, चूंकि पास में ही स्कूल का संचालन होता है जिससे कारण छात्र छात्राओं पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। इसी प्रकार ग्राम उतई निवासी नेत्रहीन दुष्यंत साहू ने जनदर्शन में स्वरोजगार हेतु आर्थिक सहायता की मांग की। मितानिनों ने प्रोत्साहन राशि की मांग की। उन्होंने बताया कि विगत तीन माह से प्रोत्साहन राशि प्राप्त नही हुई है। प्रोत्साहन राशि का समय पर भुगतान न होने के कारण मितानिनों को जीविकोपार्जन एवं दैनिक आवश्यकता की पूर्ति के लिए कई प्रकार के दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।