दुर्ग

मोटरसाइकिल की ठोकर से दो युवक घायल
04-Feb-2024 2:31 PM
मोटरसाइकिल की ठोकर से दो युवक घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 फरवरी।
पान ठेले के सामने मोटरसाइकिल खड़ी कर रहे दो युवकों को पल्सर वाहन चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए ठोकर मार दी। इससे दोनों युवकों को चोटे आई और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। 

प्रार्थी की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने पल्सर वाहन चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक सिंधी कॉलोनी वार्ड नंबर 47 निवासी मनीष फुलवानी ने शिकायत दर्ज कराई कि 30 जनवरी को वह अपने दोस्त जयकुमार तीर्थानी की बजाज अवेंजर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 बीसी 1991 में पीछे बैठकर रायपुर नाका बिजली ऑफिस के पास पान ठेला में पान लेने के लिए गया हुआ था। रात लगभग 8.45 बजे पान ठेले के सामने पहुंचकर वह अपनी मोटरसाइकिल को खड़ी कर रहे थे। 

इसी दौरान सामने साइंस कॉलेज की तरफ से आ रही पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 सी एफ 7745 के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए इन दोनों को ठोकर मार दी। इससे जयकुमार तीर्थानी के पैर ,घुटने के नीचे, पंजे में चोटे आई। उसे रामनगर स्थित नर्सिंग होम में ले जाकर भर्ती किया गया, वहीं एक निजी अस्पताल में प्रार्थी का भी उपचार किया गया। इस घटना में मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
 


अन्य पोस्ट