दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 31 जनवरी। विधायक की सुपारी मामले में दुर्ग पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव के मीडिया प्रतिनिधि देवेश पाणिग्रही द्वारा पुलिस को एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया कि एक इंस्टाग्राम एकाउंट संचालक के द्वारा विधायक देवेन्द्र यादव के एकाउंट में मैसेज कर बताया कि कोई द मनीष नाम के इंस्टाग्राम आई डी धारक व्यक्ति ने देवेन्द्र यादव को मारने के संबंध में बातचीत किया है। जिस पर थाना भिलाई नगर में धारा 506 का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की संवदेनशीलता को देखते हुए एसएसपी राम गोपाल गर्ग द्वारा नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर व थाना प्रभारी भिलाई नगर के नेतृत्व में एक टीम बनाकर सूक्ष्मता से जांच हेतु एक टीम गठित किया गया। टीम के द्वारा मामले के हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच उपरांत ये तथ्य मिले कि अंकित व सत्या आपस में परिचित हैं। 17 जनवरी को शाम में दोनों अपने घर से लड़ाई कर निकले, बीच में मनीष सोनकर नामक व्यक्ति से लिफ्ट लिए। जहां तीनों गाड़ी में बैठकर शराब पीने लगे व मस्ती मज़ाक़ में आपस में बातचीत कर रहे थे। आरोपी मनीष सोनकर द्वारा प्रथम दृष्टया मजाक (लूज टॉक) किया जाना प्रतीत हो रहा है। गवाहों से पूछताछ में किसी भी प्रकार की फिरौती या साजिश जैसा गंभीर तथ्य प्रकाश में नहीं आया है।
यह उल्लेखनीय है कि अंकित का बचपन से मानसिक इलाज चल रहा है, वह पॉलीटेक्निक कॉलेज में फिफ्थ सेमेस्टर का छात्र है, उसका पिछले चार पेपर में बैक लगा हुआ है। अगर वह थोड़ा बढ़ा कर यह बात बताएगा तो विधायक देवेंद्र यादव के कऱीब हो जाएगा व उसका बैक भी क्लीयर हो जाएगा, उक्त तथ्य सामने आए हैं।
आरोपी मनीष सोनकर (30 वर्ष) निवासी कैलाश नगर भिलाई को गिरफ्तार कर प्रकरण की अग्रिम विवेचना की जा रही है।