दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 जनवरी। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा एम.ए. द्वितीय व एम.ए. चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को विशाखापट्नम स्टील प्लांट, विशाखापट्नम (आंध्रप्रदेश) कॉफी प्लॉन्टेशन फार्म व बन्दरगाह का भ्रमण कराया गया।
शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास के विकास के लिए महत्वपूर्ण कड़ी है। भ्रमण के दौरान अपने आंखों से प्रत्यक्ष रूप से देखकर किसी भी विषय-वस्तु का वर्णन करने में विद्यार्थी सक्षम हो जाते है। इन्हीं बातों को ध्यान में रखकर यह भ्रमण प्राचार्य डॉ. एम.ए. सिद्दीकी के निर्देष पर प्रधानमंत्री उषा योजनांतर्गत आयोजित किया गया।
विद्यार्थियों ने स्टील प्लांट के कोक ओवन, एस.एम.एस., वायर राड मिल्स, ब्लास्ट फर्नेस आदि विभागों का भ्रमण कर जानकारी प्राप्त की। विशाखापट्टनम स्टील प्लांट के डिप्टी मैनेजर सुब्बाराव ने उनकी सभी जिज्ञासाओं को शांत करते हुए धैर्यपूर्वक स्टील बनाने की प्रक्रिया को समझाया। प्लांट से संबंधित आर्थिक गतिविधियों को भी विद्यार्थियों ने समझा।
इसके पश्चात् कॉफी प्लान्टेशन फार्म में विद्यार्थियों ने कॉफी के पौधे देखें व कॉफी बनाने की प्रक्रिया को समझा। चूंकि कॉफी का उत्पादन मुख्य रूप से दक्षिण भारतीय राज्यों के पहाड़ी क्षेत्रों में होता है तथा आंध्रप्रदेश में नए कॉफी उत्पादन क्षेत्रों का विकास हुआ है, अत: विद्यार्थियों के लिए यह अनुभव ज्ञानवर्धक रहा।
इसके अलावा विशाखापट्नम मछली बन्दरगाह (फिशिंग पोर्ट) मछली वितरण जहाज के माध्यम से मछली पकडऩे करने की प्रक्रिया को जाना। यहां तीन बंदरगाह है- आंतरिक बन्दरगाह, बाहरी बन्दरगाह व मछली पकडऩे का बन्दरगाह। इस यात्रा से विद्यार्थियों को अपने व दूसरों के अनुभव से सीखने का एक अच्छा अवसर प्राप्त हुआ।
भ्रमण के दौरान डॉ. पद्मावती व डॉ. अंशुमाला चन्दनगर ने छात्र-छात्राओं के साथ उपस्थित रहकर उनका उत्साहवर्धन किया।