दुर्ग

खुशनुमा जीवन शांति अनुभूति शिविर
24-Jan-2024 4:42 PM
 खुशनुमा जीवन शांति अनुभूति शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 24 जनवरी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र आर्य नगर के गायत्री वार्ड दुर्ग में खुशनुमा जीवन शांति अनुभूति शिविर का दीप प्रज्वलित कर  का विधिवत उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, समाज सेविका मधु अग्रवाल, दुर्ग सेवाकेंद्र की मुख्य संचालिका ब्रह्मकुमारी रीटा बहन जी, आर्य नगर सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी पूर्णिमा बहन जी उपस्थित थे।

  शुभारंभ सत्र में बोलते हुए आर्य नगर सेवा केंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी पूर्णिमा बहन जी ने कहा कि आज किसी से भी पूछो की क्या आप खुश हैं? तो उत्तर ना में मिलता है, लेकिन अगर किसी से पूछो की क्या आप खुश रहना चाहते हैं तो हां में उत्तर मिलता है इसका मतलब हमारी खुशी किसी भौतिक चीज़ों की प्राप्ति या परिस्थिति के ऊपर निर्भर है, जबकि निरंतर खुश रहने के लिए आध्यात्मिक जागृति की जरूरत है। किसी भी भौतिक चीज से या किसी  परिस्थिति से सदा काल की खुशी नहीं मिल सकती।

सदाकाल की खुशी के लिए जरूरी है कि हम अपने कर्मों को श्रेष्ठ बनाएं और कर्मों को श्रेष्ठ बनाने के लिए जरूरी है कि हम अपने विचारों को श्रेष्ठ बनाएं क्योंकि हमारे विचार ही, वाणी और कर्मों का बीज है। विचारों को सकारात्मक और शक्तिशाली बनाने की सहज विधि है राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास। भगवान हमारे भाग्य का निर्माता नहीं है हम स्वयं ही अपने भाग्य का निर्माता है। अगर भगवान भाग्य लिख रहा होता तो वह सभी का भाग्य अच्छे से अच्छा लिखता क्योंकि वह हम सब का परम पिता है और कोई भी पिता अपनी बच्चों का भाग्य खराब नहीं लिख सकता। हम सब कोई ना कोई समस्या से जूझ रहे हैं इसका कारण हमारे कर्म ही है। अगर हम अपने कर्मों को श्रेष्ठ बना ले तो हमारा भाग्य भी श्रेष्ठ बन जाएगा।

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय दुर्ग की मुख्य संचालिका ब्रह्माकुमारी रीटा बहन जी ने शिविरार्थियो को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में कोई भी समस्या या परिस्थिति आती है तो यह बात याद रखें कि *यह भी समय गुजर जाएगा या यह भी बीत जाएगा* तो कोई भी परिस्थिति हमारे मन को प्रभावित नहीं करेगी। समय हमेशा परिवर्तनशील है आज अगर हमारा स्वास्थ्य ठीक नहीं है या कोई आर्थिक समस्या है तो वह हमेशा नहीं रहने वाला है। आगे आपने कहा कि जैसे मोबाइल की बैटरी की चार्जिंग उतर जाए तो मोबाइल काम नहीं करता है इसलिए हम  मोबाइल की बैटरी की चार्जिंग पर ध्यान देते हैं लेकिन आज हम अपनी मन को चार्ज नहीं कर रहे जिसके कारण छोटी सी समस्या में दु:खी, अशांत हो जाते हैं क्योंकि हमारा मन कमजोर है। मन को शक्तिशाली बनाने के लिए मन को भी चार्ज करना जरूरी है। मन को चार्ज करने का सही तरीका है सर्वशक्तिमान परमात्मा से संबंध जोडऩा, जिसे हम राजयोग कहते हैं। परमात्मा सर्व शक्ति और गुणों का स्रोत है।

उनसे संबंध जोडऩे से हमारा मन शक्तिशाली और सकारात्मक हो जाता है। इसलिए आप सभी इस शिविर का लाभ अवश्य उठाएं ।

दुर्ग ग्रामीण के नवनिर्वाचित विधायक ललित चंद्राकर  शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम अगर अपनी जिम्मेवारी को, उत्तरदायित्व को अच्छे से निभाते हैं तो हम संतुष्ट और खुश रह सकते हैं। जिम्मेवारी को ठीक से निभाने के लिए मन को एकाग्र और फोकस करना जरूरी है। इसके लिए जरूरी है कि हम ईश्वर को दिल से याद करें। उनका ध्यान करें।

इस अवसर पर कुमारी चंद्राणी एवं कुमारी जागृति के द्वारा मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया एवं ब्रह्माकुमारी खुशबू बहन जी ने राजयोग कामेंट्री द्वारा सभी को शांति की अनुभूति कराई एवं कुशल मंच संचालन किया। इस शिविर में गायत्री वार्ड एवं आसपास के लोगों ने बड़ी संख्या में पधार कर कार्यक्रम का लाभ उठाया।


अन्य पोस्ट